बसंत, indireporter.com
“हमारा विद्यालय — हमारा स्वाभिमान” अभियान का पोस्टर विमोचन
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज “हमारा विद्यालय — हमारा स्वाभिमान” अभियान के पोस्टर एवं स्टिकर का विमोचन किया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा संचालित यह अभियान आगामी 1 सितंबर 2025 को देश भर के 5 लाख से अधिक विद्यालयों में एक साथ आयोजित होगा।
इस दिन शिक्षक और विद्यार्थी सामूहिक रूप से पाँच संकल्प लेंगे। इनमें विद्यालय को स्वच्छ और प्रेरणादायी बनाए रखना, एकत्व और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाना, समाज-विद्यालय संबंधों को मजबूत करना तथा अध्ययन-अध्यापन को उत्कृष्ट बनाना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय केवल ज्ञान के केंद्र नहीं हैं, बल्कि संस्कार और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला भी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान विद्यार्थियों और शिक्षकों में आत्मीयता और स्वाभिमान की भावना को और प्रगाढ़ करेगा।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण लाल गुप्ता, राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के अध्यक्ष रमेश पुष्करणा, महामंत्री महेंद्र लखारा तथा अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल शामिल थे।
