सर्व समाज की महिलाओं ने राज्यपाल महोदय को महिला सुरक्षा संबंधी ज्ञापन सौंपा
राजेश कुमावत indireporter.com
जयपुर,। महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा समाज में बढ़ती असुरक्षा के प्रति जन-जागरण के उद्देश्य से सर्व समाज की महिलाओं द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान के अंतर्गत 16 अगस्त 2026 को जयपुर महानगर में लगभग 45 स्थानों पर ‘जागृत महिला गोष्ठियों’ का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।
गोष्ठियों में महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने संस्कारों एवं संस्कृति से जुड़े रहने, सोशल मीडिया के प्रयोग में सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं प्रशासन की सहायता लेने जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। इसका उद्देश्य अपराध होने के बाद प्रतिक्रिया देने के साथ-साथ अपराध की संभावनाओं को पहले ही पहचानकर उन्हें रोकने के लिए जागरूकता विकसित करना रहा।
इन कार्यक्रमों में सरकार एवं प्रशासन से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विभिन्न अपेक्षाओं से संबंधित ज्ञापन पढ़कर सुनाया गया तथा महिलाओं के हस्ताक्षर लिए गए।
इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को सर्व समाज की 11 महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के महामहिम राज्यपाल महोदय से भेंट कर उक्त ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता के दौरान महामहिम राज्यपाल महोदय ने बालिकाओं को परिवार में संस्कार देने तथा उन्हें प्रारंभ से ही सजग एवं संस्कारित बनाने के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि परिवार और समाज के स्तर पर जागरूकता एवं संस्कारों के माध्यम से अनेक घटनाओं को घटित होने से पहले ही रोका जा सकता है।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में डॉ. सुनीता अग्रवाल, डॉ. अरुणा शर्मा, मूमल राजवी, आशालता , अवनी , रजनी , रुक्मणी चंद्रकांता , शालिनी , अनीता , एवं सुशीला शामिल रहीं।
