indireporter.com
राज्य स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धि राशि
प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्पित
हम जो वादा करते हैं, उसको पूरा भी करते हैं
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
- राजस्थान प्रथम बने, यही राज्य सरकार का संकल्प
- 88 लाख से अधिक पेंशनरों के बैंक खातों में 1037 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित
- मुख्यमंत्री ने किया लाभार्थियों से संवाद
जयपुर, 27 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सभ्य एवं विकसित समाज सभी वर्गाें के विकास के लिए संवेदनशील रहता है। सामाजिक सुरक्षा के रूप में पेंशन जरूरतमंद को आर्थिक संबल देता है साथ ही उन्हें मुख्य धारा से जोड़े रखता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का दायरा बढ़ाने केे साथ ही पेंशन राशि में भी बढ़ोतरी की है। वृद्धजन, एकल नारी, दिव्यांगजनों सहित सभी वर्गाें के उत्थान के लिए हमारी सरकार कतृसंकल्पित है तथा इनके सामाजिक सुरक्षा के आवरण को कमजोर नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरूवार को झुंझुनूं में राज्यस्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धि की राशि हस्तांतरण के कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बटन दबाकर प्रदेश के 88 लाख से अधिक पेंशनरों के बैंक खातों में 1 हजार 37 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की संकल्पना को आगे बढ़ाते हुए अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए संकल्पित है
हमारी सरकार मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना, मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन योजना, लघु एवं सीमांत वृद्धजन कृषक सम्मान पेंशन योजना के जरिये जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।
2 लाख 41 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़े—
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में राशि को 1 हजार रूपए से बढ़ाकर 1150 रूपए की है और इसमें चरणबद्ध रूप से वृद्धि की जाएगी। संकल्प पत्र के हर एक वादे को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में लगभग 88 लाख से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अन्तर्गत लाभान्वित किया जा रहा है। हमारी सरकार ने गठन के 6 माह के अल्प समय में 2 लाख 41 हजार से अधिक नए लाभार्थियों को इन पेंशन योजनाओं से जोड़ा है। साथ ही, झुंझुनूं जिले में 2 लाख 74 हजार से अधिक लोगों को पेंशन का लाभ मिल रहा है, जिन्हें पेंशन के रूप में हर महीने 32 करोड़ 27 लाख रुपये हस्तांतरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन पेंशन योजनाओं में डिजीटलकृत प्रक्रिया अपनायी जा रही है, जिससे आज पेंशनर्स को बिना किसी परेशानी के योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो रहा है
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लाभार्थियों से संवाद भी किया। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को योजना के तहत राशि बढ़ाए जाने पर बहुत-बहुत आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाना, विधायक विक्रम सिंह जाखल, धर्मपाल गुर्जर, जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता कुलदीप रांका सहित पूर्व विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।
