दीपक शर्मा, indireporter.com
पाली में CID क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: अवैध केमिकल रैकेट बेनकाब, लाखों का ज्वलनशील बेंजीन जब्त
पाली जिले में पुलिस मुख्यालय की CID क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अवैध केमिकल रैकेट का भंडाफोड़ किया। टीम ने जैतपुरा के पास एक खाली प्लॉट से बेंजीन नामक ज्वलनशील केमिकल से भरे 41.6 मीट्रिक टन के टैंकर सहित लाखों रुपये का माल जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी नेमाराम देवासी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह पंजाब से गुजरात ले जाए जा रहे टैंकर से गुपचुप तरीके से बेंजीन निकालकर अवैध रूप से बेचता था। यह खतरनाक धंधा वह अपने साथी गेनसिंह के साथ मिलकर कर रहा था, जो इस रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
पुलिस ने मौके से 1293 किलो रसायन, दर्जनों ड्रम, पिकअप वाहन, पाइप, इलेक्ट्रॉनिक कांटे समेत भारी मात्रा में सामान जब्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में यह कार्रवाई पुलिस उप अधीक्षक फूलचंद टेलर और निरीक्षक राम सिंह नाथावत की टीम ने की। मौके पर किसी भी सुरक्षा व्यवस्था का अभाव था और पास ही एक होटल भी स्थित था, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टैंकर से चोरी कर बेचा जा रहा था ज्वलनशील बेंजीन,
बिना लाइसेंस केमिकल का अवैध भंडारण
एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार
लाखों का ज्वलनशील पदार्थ और वाहन जब्त
