दीपक शर्मा , indireporter.com
पाली मारवाड़ और लूनी रेलवे स्टेशन पर ‘अमृत संवाद’ कार्यक्रम का सफल आयोजन
जोधपुर, 30 अक्टूबर। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के अंतर्गत ‘स्पेशल कैंपेन 5.0’ के तहत पाली मारवाड़ और लूनी रेलवे स्टेशन पर ‘अमृत संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेल अधिकारियों ने रेल यात्रियों और आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया तथा रेलवे की यात्री-केंद्रित सेवाओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान यात्रियों ने स्टेशन और ट्रेनों में सफाई व्यवस्था, टिकट काउंटरों की कार्यप्रणाली, सहयोग केंद्रों की भूमिका एवं कर्मचारियों के व्यवहार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। यात्रियों ने रेलवे में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए अपने संतोषजनक यात्रा अनुभवों को साझा किया।
विशेष रूप से यात्रियों ने त्योहार पर्व के दौरान स्टेशन परिसर और ट्रेनों में बनाए रखी गई स्वच्छता व्यवस्था की प्रशंसा की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा यात्रियों को एकीकृत हेल्पलाइन नंबर 139 तथा ‘रेल वन’ ऐप की उपयोगिता एवं सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
‘अमृत संवाद’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रेलवे की सेवाओं को और बेहतर बनाने हेतु सुझाव एवं विचार साझा किए। यह संवाद कार्यक्रम रेलवे और यात्रियों के बीच विश्वास एवं सहभागिता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
