दीपक शर्मा, indireporter.com
जोधपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेलवे विकास का नया अध्याय शुरू
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अपने एक दिवसीय दौरे पर जोधपुर पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ वर्चुअल माध्यम से जैसलमेर के नवनिर्मित कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इससे सीमांत जिले जैसलमेर में ट्रेनों के रखरखाव और साफ-सफाई की उच्च स्तरीय सुविधा उपलब्ध होगी। समारोह में पश्चिमी राजस्थान के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्री सुविधाओं से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा भी की गई। इसी के साथ पर्यटन नगरी जैसलमेर को गुजरात से सीधे जोड़ने के लिए साबरमती-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20486/20485) का जैसलमेर तक विस्तार किया गया है।
रेल मंत्री इस विस्तारित ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहे हैं।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तारित स्वरूप रहा। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रेन को 8 कोच से बढ़ाकर 20 कोच का किया गया है। नए संयोजन में 78 सीटों वाले 16 डिब्बे, 44 सीटों वाले 2 और 52 सीटों वाले 2 डिब्बे शामिल हैं, जिससे यात्री क्षमता 530 से बढ़कर 1440 हो गई है। इसके अलावा भगत की कोठी में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से ‘मेगा कोचिंग टर्मिनल’ तथा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मेंटेनेंस डिपो फेज-2 की घोषणा भी प्रस्तावित है। साथ ही जोधपुर-लूणी-मारवाड़ रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति 130 किमी प्रतिघंटा करने और जालोर से नई भुज-दिल्ली एक्सप्रेस शुरू करने की घोषणा भी की गई।
