दीपक शर्मा, indireporter.com
65 वार्डों में भाजपा का चुनावी शंखनाद, प्रत्याशियों के सिंबल जमा
संगठन पूरी तरह तैयार, कार्यकर्ता एकजुट होकर विजय के लिए मैदान में उतरेंगे
पाली, 31 अगस्त। नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी पाली ने चुनावी प्रक्रिया में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाते हुए नगर निगम के सभी 65 वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों के सिंबल निर्वाचन अधिकारी के समक्ष विधिवत जमा कराए।
राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष एवं भाजपा संभाग सह प्रभारी सी. आर. चौधरी तथा पाली नगर निगम चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश भड़ाना के नेतृत्व में भाजपा प्रत्याशियों के सिंबल निर्वाचन अधिकारी, पाली के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, विधि सलाहकार एडवोकेट रेवतसिंह केसरिया, चुनाव संयोजक प्रतापसिंह, जिला कोषाध्यक्ष रामकिशोर साबू, महामंत्री नारायण कुमावत, देवीलाल मेघवाल एवं मीडिया प्रभारी प्रवीण गोलेच्छा सहित भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी संगठन पूरी तरह तैयार है। सभी 65 वार्डों में भाजपा का मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क और सक्रिय कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाते हुए भाजपा के पक्ष में व्यापक जनसमर्थन जुटाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पाली नगर निगम में मजबूत और प्रभावी बोर्ड का गठन करना है, जिसके लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ जुट गया है।
