योगेंद्र शर्मा, indireporter.com
सरिस्का से आई दिल खुश करने वाली खबर – बाघिन ST-26 पहली बार अपने 2 नन्हे शावकों के साथ कैमरे में कैद!
अलवर। सरिस्का टाइगर रिजर्व से एक ऐसी खबर आई है जिसने वन्यजीव प्रेमियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। यहां की चर्चित बाघिन ST-26 पहली बार अपने दो नन्हे शावकों के साथ कैमरा ट्रैप में नजर आई है।
वन विभाग द्वारा लगाए गए कैमरा ट्रैप में कैद हुई इस तस्वीर में ST-26 अपने दो छोटे-छोटे शावकों के साथ जंगल में घूमती हुई दिख रही है। दोनों शावक अपनी मां के पीछे-पीछे चल रहे हैं, यह नजारा बेहद ही मनमोहक है।
कौन है बाघिन ST-26?
लगभग 6-7 वर्ष की उम्र की यह बाघिन सरिस्का की ही एक और मशहूर बाघिन ST-14 की बेटी है। वन अधिकारियों के अनुसार यह ST-26 का पहला लिटर (पहली बार मां बनना) है, इसलिए यह घटना और भी ज्यादा खास है।
सरिस्का में लौटी बाघों की रौनक
कभी बाघों से खाली हो चुका सरिस्का आज फिर से दहाड़ रहा है। ST-26 के परिवार बढ़ने से सरिस्का में बाघों की संख्या में और इजाफा हुआ है। यह राजस्थान सरकार और वन विभाग की टीम के अथक बाघ पुनर्स्थापना और संरक्षण प्रयासों की बड़ी सफलता है।
वन विभाग की इस उपलब्धि पर हर तरफ से बधाई संदेश आ रहे हैं। सरिस्का में बढ़ता बाघ परिवार इस बात का सबूत है कि सही संरक्षण से जंगल फिर से आबाद हो सकते हैं।
