शिव वर्मा, indireporter.com
पहलगाम में अब फिर से लौटने लगी है पर्यटन की रौनक
पहलगाम में जहां निर्दोष पर्यटकों की हत्या की थी, वहां पहुंचे केंद्रीय मंत्री शेखावत
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने कश्मीर के आम जनजीवन को एक नया जज्बा दिया
श्रीनगर/जोधपुर, 19 जून। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत गुरुवार को पहलगाम पहुंचे और उन्होंने उस स्थान का दौरा किया, जहां आतंकियों ने निर्दोष पर्यटकों की हत्या की थी। शेखावत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने कश्मीर के आम जनजीवन को एक नया जज्बा दिया है और अब पहलगाम में पर्यटन की रौनक लौट रही है।
जम्मू एवं कश्मीर दौरे के दूसरे दिन शेखावत ने पहलगाम में स्थानीय लोगों से बातचीत की, लोगों ने इस बात पर भरोसा जताया कि उन्हें सुरक्षा पर पूरा विश्वास है और वो आतंकी मंसूबों को हर हाल में नाकाम करने के लिए तैयार हैं।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने अवंतिपुरा के मंदिरों का अवलोकन किया। अधिकारियों से संरक्षण और पर्यटक सुविधाओं के बारे में भी विवरणपूर्वक विचार-विमर्श किया।
जम्मू एवं कश्मीर में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री शेखावत ने बुधवार रात मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण माहौल में जम्मू एवं कश्मीर को एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में साझा प्रयासों पर जोर दिया गया। चर्चा में पर्यटन के माध्यम से बुनियादी ढांचे के विस्तार, विरासत स्थलों को सहेजने और स्थानीय समुदायों के लिए सतत आजीविका के अवसर सृजित करने की रणनीतियों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। शेखावत ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू एवं कश्मीर की सांस्कृतिक विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार की सक्रिय भागीदारी का स्वागत करते हुए पर्यटन क्षेत्र को रोजगार और समावेशी विकास का इंजन बताया।
