रामु रामदेव , indireporter.com
नेमी सागर कॉलोनी के राम मंदिर का जीर्णोद्वार आरंभ
भक्तगण ईंटों पर लिख रहे हैं “जय श्रीराम”, गुंबद निर्माण में हो रही विशेष भागीदारी
जयपुर।
नेमी सागर कॉलोनी स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में इन दिनों मंदिर जीर्णोद्वार का कार्य भक्तिभाव और उत्साह के साथ जारी है। विशेष रूप से मंदिर के गुंबद निर्माण में श्रद्धालु भागीदारी निभा रहे हैं। परंपरा के अनुसार भक्तगण ईंटों पर “जय श्रीराम” लिखकर उन्हें मंदिर निर्माण हेतु अर्पित कर रहे हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष रामू रामुदेव ने शास्त्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा,
“शास्त्रों में बताया गया है कि जिस प्रकार भगवान के विग्रह का दर्शन करने से लाभ मिलता है, उसी प्रकार यदि कोई भक्त मंदिर शिखर का दर्शन कर ले, तो उसे भी वही पुण्यफल प्राप्त होता है। शास्त्रों में कहा गया है— ‘शिखर दर्शनम् पापनाशनम्’ — अर्थात शिखर दर्शन से सभी पापों का नाश हो जाता है।”
मंदिर के संरक्षक निवासी गुप्ता ने कहा कि यह मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि जीर्णोद्वार कार्य में न केवल स्थानीय भक्त, बल्कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और अपनी भक्ति से मंदिर पुनर्निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
मंदिर समिति के सचिव अनिल जैन ने बताया,
“मंदिर का पुनर्निर्माण धार्मिक दृष्टि से तो महत्वपूर्ण है ही, साथ ही यह आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक धरोहर का स्वरूप भी धारण करेगा। हमारा उद्देश्य है कि यह मंदिर आने वाले समय में भी आस्था, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का सशक्त केंद्र बना रहे।”
मंदिर समिति के अनुसार, जीर्णोद्वार कार्य में समाज के हर वर्ग का सहयोग प्राप्त हो रहा है। यह सामूहिक प्रयास न केवल मंदिर पुनर्निर्माण को गति दे रहा है, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का भी सशक्त संदेश समाज में स्थापित कर रहा है।
