प्रशांत यादव, indireporter.com
सरिस्का साहित्य संवाद (अलवर) : पोस्टर विमोचन एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित
अलवर। आगामी 16–17 फरवरी को रिवाज रिसॉर्ट, कंपनी बाग, अलवर में आयोजित होने जा रहे “सरिस्का साहित्य संवाद” के प्रथम सांस्कृतिक साहित्य महोत्सव के संदर्भ में आज पोस्टर विमोचन एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, उद्देश्य एवं प्रमुख आकर्षणों की जानकारी साझा की।
आयोजकों ने बताया कि यह दो दिवसीय आयोजन प्रकृति और साहित्य के समन्वय पर आधारित एक सशक्त मंच के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जिसमें साहित्य, संस्कृति और विचारों का समागम होगा। महोत्सव के अंतर्गत डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग, साहित्यिक परिचर्चा—जिनमें “मीडिया, साहित्य एवं समाज” विषय पर विशेष चर्चा तथा ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष विमर्श आयोजित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यशालाओं एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य साहित्य को प्रकृति और संस्कृति के माध्यम से समाज के केंद्र में स्थापित करना तथा युवा पीढ़ी को सृजनात्मक अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करना है।
आयोजकों ने बताया कि 17 फरवरी की प्रातः सरिस्का वॉक के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस पदयात्रा में प्रतिभागी सरिस्का क्षेत्र और पांडुपोल हनुमान मंदिर तक प्रकृति के सान्निध्य में भ्रमण करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति ने साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से इस महोत्सव में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
विमोचन समारोह में कपिल शर्मा, नागेन्द्र, नरेन्द्र, विजय यादव, संदीप योगी, सुन्दर पांचाल, प्रभात मिश्रा सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
