विष्णु शर, indireporter.com
6 मई को रवीना टंडन सहित दिग्गज करेंगे वृक्ष मित्रों को सम्मानित
जयपुर। श्री कल्पतरु संस्थान अपने 31वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर आगामी 6 मई को जयपुर स्थित होटल क्लार्क्स आमेर में वृक्ष मित्र सम्मान समारोह 2026 का आयोजन करने जा रहा है। दोपहर 2:00 बजे आयोजित होने जा रहे इस भव्य कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री पद्मश्री रवीना टंडन सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वृक्ष मित्रों एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगी।
समारोह के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि प्रदान की जाएगी। संस्थान के अनुसार देशभर से लगभग एक हजार पर्यावरण कार्यकर्ता इस आयोजन में भाग लेंगे।
ट्री मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध पर्यावरणविद् विष्णु लाम्बा ने मुंबई में रवीना टंडन को औपचारिक निमंत्रण दिया तथा उनके करकमलों से कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी करवाया। इस अवसर पर रवीना ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने जयपुर आगमन की पुष्टि की और श्री कल्पतरु संस्थान के पर्यावरणीय कार्यों की सराहना करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
संस्थान पिछले 31 वर्षों में एक करोड़ से अधिक पौधों का रोपण एवं संरक्षण कर चुका है। संस्थान का लक्ष्य वर्ष 2047 तक, जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब तक देश के 100 गांवों को पर्यावरणीय दृष्टि से आदर्श ग्राम बनाना है।
उल्लेखनीय है कि श्री कल्पतरु संस्थान वर्तमान में बिना किसी सरकारी अनुदान के देश के 22 राज्यों तथा विश्व के 13 देशों में सक्रिय रूप से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में संलग्न है। संस्थान के माध्यम से वर्तमान में दुनिया भर में 150 से अधिक अभियानों का संचालन किया जा रहा है !
