दीपक शर्मा
श्री माहेश्वरी समाज ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया भव्य अन्नकूट महोत्सव छप्पन भोग की झांकी और महाआरती ने मोहा मन, सैकड़ों समाजबंधुओं ने ग्रहण की प्रसादी
पाली। श्री माहेश्वरी समाज, पाली की ओर से लगातार 45 वर्ष से ज़्यादा चला आ रहा आयोजन पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव इस वर्ष भी बड़े उत्साह, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। शिव वाटिका प्रांगण में आयोजित समारोह का शुभारंभ सायं 6:30 बजे भगवान श्रीकृष्ण की भव्य महाआरती के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को परंपरानुसार छप्पन भोग अर्पित किए गए। आकर्षक धार्मिक वातावरण में समाजबंधुओं ने भगवान गोवर्धनधारी श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महाआरती और भोग के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण की।समाज प्रवक्ता महेश कुमार सारडा ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज की समृद्ध परंपराओं, आपसी प्रेम, भाईचारे और संगठनात्मक एकता का प्रतीक है।
इस आयोजन का समाजबंधुओं को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। विशेष बात यह है कि पाली से बाहर रहने वाले समाज के सदस्य भी इस अवसर पर अपने शहर पहुंचकर आयोजन में सहभागी बनते हैं और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में समाज अध्यक्ष रवि मोहन भूतड़ा, उपाध्यक्ष दिलीप सारडा, सचिव भुवनेश काबरा, सहसचिव नीरज राठी, कोषाध्यक्ष शरद कालानी, सहकोषाध्यक्ष सुशील भट्टड़, राधेश्याम बिहानी, जगदीश लोहिया, रामकिशोर साबू, जेठमल चांडक, शिवप्रकाश झंवर, श्यामसुंदर तापड़िया, प्रवीण तोषनीवाल एवं विपिन माछर सहित समाज के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।महोत्सव में महिला शक्ति की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती आशा भूतड़ा एवं सचिव श्रीमती सरला काबरा ने महिला सदस्यों के साथ आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष तरुण तोषनीवाल एवं सचिव विनम्र राठी ने युवा टीम के साथ व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हुए सक्रिय भूमिका निभाई।समारोह के समापन पर भव्य प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संपूर्ण आयोजन में धार्मिक आस्था, पारिवारिक आत्मीयता और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला।
