राजेश कमावत,indireporter.com
नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का जयपुर में प्रदर्शन,
गोपालपुरा रोड के आसपास सभी रास्ते जाम
जयपुर। NSUI ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर जयपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। प्रदर्शन के चलते गोपालपुरा रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एनएसयूआई कार्यकर्ता शाम से ही गोपालपुरा रोड पर स्थित गुर्जर की थड़ी पर एकत्रित होने लगे थे। बड़ी संख्या में छात्र और युवा हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग उठाई। इस दौरान “छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद” और “पेपर लीक बंद करो” अपराधियों को गिरफ्तार करो जैसे नारे लगाए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि देशभर के लाखों छात्रों ने मेहनत करके नीट परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने उनकी मेहनत और भरोसे को तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है और सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया, जिसके कारण गोपालपुरा रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ऑफिस से घर आने वाले कर्मचारियों, और आम राहगीर जाम में फंस गए। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर हुई। गर्मी और ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को खासा परेशान होना पड़ा। कुछ वाहन चालकों ने प्रदर्शन को लेकर नाराजगी भी जताई और कहा कि विरोध प्रदर्शन का असर आम जनता पर नहीं पड़ना चाहिए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और यातायात को सुचारु बनाने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया। हालांकि करीब एक घंटे तक गोपालपुरा रोड पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ।
इस प्रदर्शन के जरिए एनएसयूआई ने साफ संकेत दिया कि वह नीट पेपर लीक मामले को लेकर लगातार आंदोलन जारी रखेगी। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
