वर्षों से उजाड़ पड़े श्री हनुमान मंदिर के जीर्णोद्वार का कार्य आज नींव पूजन के साथ शुरू हुआ
हवामहल विधानसभा के वार्ड 22 के बदनपुरा क्षेत्र की मीना कॉलोनी में स्थित पूर्व मुखी हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के कार्य का शुभारम्भ आज चाँदी टकसाल स्थित श्री काले हनुमान मंदिर के महंत श्री योगेश जी महाराज के हाथों नींव का मुहूर्त लगाकर प्रारंभ किया गया ।
वार्ड 22 के पार्षद विमल अग्रवाल ने बताया कि यह मंदिर वर्षों से यूँ ही उजाड़ पड़ा था । मंदिर पर कोई छत नहीं होने के कारण मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था । भगवान श्री हनुमान जी की पूजा अर्चना अच्छे से नहीं हो पाती थी । क्षेत्रीय निवासियों की बहुत इच्छा थी कि इस मंदिर पर पक्की छत और इसका पूर्ण जीर्णोद्धार हो जाये ।
प्रभु श्रीराम का आदेश हुआ तो मेरी माँ श्रीमती रतन देवी ने भी मुझे मंदिर की छत निर्माण करवाने की प्रेरणा दी । कुछ भामाशाहों से मंदिर की छत निर्माण करने एवं मंदिर के संपूर्ण जीर्णोद्धार में सहयोग करने का आग्रह किया । मेरे आग्रह को स्वीकार कर स्थानीय कुछ भामाशाह आगे आये और उन सभी के सहयोग से यह पुनीत कार्य प्रारंभ किया । ऐसा आभास होता है कि प्रभु श्रीराम का अयोध्या में उनका घर बनने से पहले उनके भक्त श्री हनुमान भी अपना घर नहीं बनवाना चाहते थे । इसलिए अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर के निर्माण के बाद प्रभु श्री हनुमान ने अपने घर के निर्माण में मुझे निमित बनाया यह मेरे लिये बड़े सौभाग्य की बात है ।
आज मंदिर जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ हुआ तो क्षेत्र के महिलाओं , पुरुषों , युवाओंमें काफ़ी उत्साह नज़र आया । यहाँ से पलायन करने का मन उन्होंने अब त्याग दिया है । सनातन की जड़े तभी मज़बूत हो सकती है जब हमारे देव और देवालय पूजे जाये ।
श्री अग्रवाल ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार की नींव का मुहूर्त लगाने के साथ ही अब क्षेत्र के सभी लोगों व भामाशाओं के माध्यम से शीघ्र ही मंदिर जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण हो जाएगा ।
