राजेश कुमावत, indireporter.com
मिलावट के खिलाफ अभियान—
डी मार्ट एवं खण्डेलवाल एण्ड कंपनी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज
जयपुर, 21 जून। प्रदेश में मिलावट के खिलाफ निरन्तर अभियान चलाया जा रहा है। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। नकली घी के मामले में सरस डेयरी की ओर से डी मार्ट एवं कूकर खेड़ा स्थित खण्डेलवाल एण्ड कंपनी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई है। साथ ही विभिन्न स्थानों पर प्रो-वैदिक घी का स्टॉक सीज किया गया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त इकबाल के निर्देशन में कार्रवाई जारी है।
अतिरिक्त आयुक्त पंकज ओझा ने बताया कि डी मार्ट के मालवीय नगर जयपुर के स्टोर पर गुरूवार को सरस और प्रो-वैदिक ब्रांड का नकली घी सीज किया था और डी मार्ट के एरिया मैनेजर से जयपुर स्थित सभी स्टोर्स पर मौजूद घी के स्टॉक की जानकारी मांगी गई थी। मैनेजर ने 2700 लीटर का स्टॉक होना बताया। इस स्टॉक को सीज करने के लिए एक ही जगह एकत्र करने के निर्देश डी-मार्ट के एरिया मैनेजर को दिये गए थे, लेकिन डी मार्ट द्वारा शुक्रवार सुबह ट्रांसफर नोट द्वारा घी का स्टॉक वेंडर को वापस कर दिया गया। इस पर डी मार्ट के विरुद्ध नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस फर्म से डी मार्ट द्वारा सरस घी खरीदा गया है, वह फर्म सरस डेयरी की अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नहीं है और वहां कार्टूनों में नकली घी के डिब्बे बरामद हुए हैं। सरस डेयरी द्वारा खंडेलवाल एंड कंपनी और डी मार्ट के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है।
आइपरमार्ट के सिरसी रोड के स्टोर से सरस और गोरस घी के सैंपल लिए गए हैं। आइपर मार्ट में टैगोर ब्रांड का नकली तेल पाए जाने पर 4 लीटर तेल सीज करके सैंपल लिया गया है। जोधपुर में भी 103 लीटर अमानक प्रोवैदिक घी सीज किया गया है।
