राजेश कुमावत, indireporter.com
श्री गुरू गोविंद सिंह खालसा कन्या महाविद्यालय करणपुर की मान्यता फर्जी दस्तावेजों के कारण निरस्त : प्रेमचंद बेरवा, उच्च शिक्षा मंत्री
जयपुर, 24 जुलाई। श्री गुरू गोविंद सिंह खालसा कन्या महाविद्यालय करणपुर द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर महाविद्यालय की मान्यता निरस्त की गई है, साथ ही श्री गुरू गोविंद सिंह खालसा शिक्षण संस्था (बी.एड) करणपुर को भी फर्जी दस्तावेज के मामले में नोटिस जारी किया गया है।
प्रेमचंद बैरवा ने विधानसभा में आश्वस्त किया कि अधिकारियों की मिली-भगत से पुलिस द्वारा इस प्रकरण में एफआर लगाए जाने की जांच करवाई जाएगी तथा दोषी पाये गये कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार द्वारा जांच में संस्था को दानपत्र से प्राप्त भूमि फर्जी पाये जाने पर 22 जुलाई, 2024 को महाविद्यालय की मान्यता निरस्त कर दी है, तथा इसी संस्था के बी एड कॉलेज को नोटिस जारी किया गया है। गत सरकार द्वारा भी महाविद्यालय की 2 बार जांच की गई, लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।
उन्होंने बताया कि श्री गुरू गोविंद सिंह खालसा शिक्षण संस्था (बी.एड) करणपुर (श्रीगंगानगर) के भूमि-भवन तथा महाविद्यालय से संबंधित अन्य सभी दस्तावेजों का भौतिक निरीक्षण एवं जांच कर एनसीटीई, नई दिल्ली द्वारा सत्र 2018-19 से संस्था को मान्यता दी गई, तत्पश्चात एनसीटीई के मान्यता आदेश के आधार पर विभाग द्वारा महाविद्यालय को सत्र 2018-19 से एनओसी जारी की गई है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि तहसीलदार (राजस्व) एवं उप पंजीयक श्री करणपुर ने संस्था को दानपत्र से प्राप्त भूमि फर्जी प्रतीत होना बताया है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि श्री गुरू गोविंद सिंह खालसा शिक्षण संस्था बी.एड करणपुर श्रीगंगानगर को नियम-7 का नोटिस दिनांक 22 जुलाई, 2024 दिया गया है, जिसकी प्रति उन्होंने सदन में रखी।
