राजेश कुमावत, indireporter.com
विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु परिवारों को 21 हजार आवासीय पट्टे वितरित
जयपुर, 2 अक्टूबर। दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान सभागार में आयोजित ‘स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं आवासीय पट्टा वितरण कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के दो महापुरूषों गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी का जन्म दिवस है। दोनों महापुरूषों ने राष्ट्र की मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदायों के आवासहीन व्यक्तियों को भूमि आवंटित करने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। करीब 21 हजार लाभार्थी परिवारों को निशुल्क भूमि का पट्टा दिया गया है। राजस्थान की घुमंतू, अर्द्धघुमंतू, विमुक्त जातियां हमारी संस्कृति का जीवंत हिस्सा हैं, इन्होंने अंग्रेजों की यातनाएं सहकर देश को आजादी दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इन लोगों को स्वयं का आवास मिले, हम इस पर काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के लगभग 9 महीने का कार्यकाल किसानों, मजदूरों, युवाओं एवं महिलाओं सहित हर वर्ग को समर्पित रहा है। हम इस अल्प समय में ही संकल्प पत्र के लगभग 50 प्रतिशत वादों को पूरा करने की ओर बढ़ रहे हैं। किसानों की सम्मान निधि और गेंहू की एमएसपी में वृद्धि, जरूरतमंद परिवारों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल डीजल की दरों में कमी, आंगनबाड़ी तथा पंचायत कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी एवं ईआरसीपी योजना को धरातल पर उतारने की पहल करने जैसे फैसले राज्य सरकार की दूरदृष्टि एवं संवेदनशीलता के प्रतीक हैं। राज्य सरकार ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने तथा वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में पर्याप्त बिजली देने के लिए कृतसंकल्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार के विभागों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के लगभग 60 हजार पद रिक्त हैं जिन पर पूर्ववर्ती सरकार ने ध्यान नहीं दिया और नियुक्तियां नहीं की। अब हमारी सरकार इन पदों पर पारदर्शिता के साथ भर्ती करने जा रही है। साथ ही सरकार द्वारा स्थानीय निकायों के माध्यम से 23 हजार 820 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की विज्ञप्ति भी जारी की गई है। निर्णयों से इस साल 1 लाख तथा 5 वर्ष में चार लाख सरकारी नौकरियां देने के राज्य सरकार के संकल्प को पूरा करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने घुमंतू, अर्द्ध घुमंतू एवं विमुक्त समुदाय के परिवारों को आवासीय भूखंड के पट्टे वितरित किए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कुछ लाभार्थियों से संवाद भी किया। बीकानेर जिले के लाभार्थी मनफूल नाथ ने कहा कि हम स्थाई आवास के अभाव में वर्षों तक भटकते रहे मगर आज राज्य सरकार ने हमें आवासीय पट्टा देकर हमें आसरा दिया है।
चित्तौड़गढ़ से लाभार्थी रूपेश ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने समुदाय के हित में संवेदनशील कार्य किया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित समारोहों में लगभग 21 हजार परिवारों को पट्टा वितरण किया गया,
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित भी किया। सफाई कार्मिकों को पीपीई किट बांटे तथा सबकी योजना-सबका विकास विषय पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर जिला प्रमुख रमा चोपड़ा, शासन सचिव पंचायतीराज डॉ. जोगाराम एवं स्वच्छ भारत मिशन निदेशक सलोनी खेमका सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में घुमंतू, अर्द्ध घुमंतू एवं विमुक्त समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
