राजेश कुमावत, indireporter.com
भगवान परशुराम की शोभायात्रा में लगे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के बाद निकली शोभायात्रा
जयपुर। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को परशुराम सर्किल पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। सुबह वेद मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक कर फूलों से श्रृंगार किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से सुंंदरकांड के पाठ किए गए। भगवान परशुरामजी का भजनों के माध्यम से गुणगान किया गया। शाम को जयकारों के साथ संगीतमय महाआरती की गई। कार्यक्रम से जुड़े विरेंद्र शर्मा और गोपाल शर्मा ने बताया कि हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित अनेक जन प्रतिनिधियों और अनेक गणमान्य लोगों ने भगवान परशुरामजी की महाआरती की गई
। इस मौके पर आतंकवाद मुर्दाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद के जोशीले नारे लगाए गए। भगवान परशुराम जी से देश आतंकियों के समूल नाश के लिए एक बार फिर अपने परशु की शक्ति दिखाने की प्रार्थना की। लोगों ने हाथ में परशु लेकर लहराए। हनुमान चालीसा के बाद सजेधजे हाथी, ऊंट, घोड़े, बैंडवादन और लवाजमे के साथ भगवान परशुरामजी की शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्री राम की स्वरूप झांकी के साथ निकली शोभायात्रा में 1100 से अधिक महिलाएं एक ही रंग की साड़ी पहनकर सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गातीं हुईं चल रहीं थीं। युवाओं की टोली वाहन रैली के रूप में जयकारे लगाते हुए साथ चल रही थीं। शेष सभी लोग हाथों में भगवान परशुराम जी की भगवा पताका और विशाल ध्वज लहराते हुए और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। फूलों से सजे रथ में विराजमान भगवान परशुरामजी की जगह-जगह आरती उतार कर स्वागत किया गया। ब्राह्मण समाज के वयोवृद्ध लोग बग्गियों में सवार होकर शोभायात्रा को निहार रहे थे। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। अलका सिनेमा, सीकर रोड, मुरलीपुरा सर्किल, केडिया पैलेस चौराहा होते हुए शोभायात्रा रामेश्वरधाम मुरलीपुरा स्थित श्री गौड़ विप्र समाज भवन पहुंची। यहां पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद भोजन प्रसादी हुई।