विश्व ओलंपिक दिवस पर जयपुर जिला ओलंपिक संघ ने ओलंपियन राम सिंह और गोपाल सैनी और फिल्म निर्माता मंजूर अली को किया सम्मानित
“खेलेगा जयपुर – बढ़ेगा जयपुर” स्लोगन के साथ खेल संस्कृति को नई दिशा देने का संकल्प
जयपुर। विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर जयपुर जिला ओलंपिक संघ द्वारा राजधानी जयपुर के दो गौरव, प्रसिद्ध ओलंपियन श्री राम सिंह जी और श्र गोपाल सैनी जी का भव्य सम्मान किया गया। उन्हें साफा, शॉल और जयपुर ओलंपिक का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस विशेष अवसर को और यादगार बनाते हुए ओलंपिक चिन्ह को दर्शाते हुए एक विशेष केक काट कर “केक सेरेमनी” भी आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों, अतिथियों और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता, निर्माता व निर्देशक श्र मंजूर अली को भी उनके कला क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जयपुर जिला ओलंपिक संघ ने उन्हें राजस्थानी संस्कृति और क्षेत्रीय गौरव को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से सराहा।
संघ के अध्यक्ष गिरिराज खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व ओलंपिक दिवस केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एकता, शांति और भाईचारे का संदेश देने वाला दिन है। यह दिन हमें अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास और नेतृत्व जैसे जीवन-मूल्यों की याद दिलाता है, जो खेलों के माध्यम से विकसित होते हैं।
उन्होंने कहा कि जयपुर की भूमि से निकले ओलंपियन खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है और हम उनके योगदान को नमन करते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी समय में जयपुर को “खेल नगरी” के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां हर वर्ग के युवाओं को खेलों के समान अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में जयपुर जिला ओलंपिक संघ द्वारा विशेष स्लोगन “खेलेगा जयपुर – बढ़ेगा जयपुर” भी जारी किया गया, जो जयपुर की खेल भावना को नई दिशा देगा और युवाओं को प्रोत्साहित करेगा।
