राजेश कुमावत indireporter.com
जयपुर: आरोग्य भारती की महिला संगोष्ठी में बोले वक्ता – “महिला स्वास्थ्य रक्षा आज सबसे बड़ी चुनौती”
जयपुर। जयपुर आरोग्य भारती की ओर से गुरुवार को जयपुर महानगर महिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय “महिला स्वास्थ्य रक्षा – एक गंभीर चुनौती” रखा गया। कार्यक्रम में महिलाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य वक्ताओं ने रखे विचार
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. रीता श्रीवास्तव ने कहा कि बदलती जीवनशैली, तनाव और कुपोषण के कारण महिलाओं में एनीमिया, थायरॉइड, PCOD और हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “महिला स्वस्थ होगी तभी परिवार और समाज स्वस्थ होगा। इसलिए 12 साल से 60 साल तक की हर महिला को साल में एक बार हेल्थ चेकअप जरूर कराना चाहिए।”
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपनी सेहत को लेकर जागरूक बनें और छोटी-छोटी बीमारियों को नजरअंदाज न करें। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी।
विशिष्ट अतिथि संजीवन कुमार, आरोग्य भारती अखिल भारतीय प्रमुख ने कहा कि आरोग्य भारती का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति वैज्ञानिक और आयुर्वेद आधारित सोच विकसित करना है। उन्होंने कहा कि घर की रसोई, योग और नियमित दिनचर्या से 80% बीमारियों को रोका जा सकता है। आज के समय जनता को विरुद्ध आहार बारे में जानकारी रखना आवश्यक है यही बीमारियों की जड़ है।
संगोष्ठी के मुख्य बिंदु
- पोषण: किशोरियों और गर्भवती महिलाओं में कुपोषण रोकने पर जोर
- स्क्रीनिंग: ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की समय पर जांच जरूरी
- मानसिक स्वास्थ्य: तनाव, डिप्रेशन और घरेलू जिम्मेदारियों के बीच सेल्फ-केयर का महत्व
- आयुर्वेद: दिनचर्या और खानपान में आयुर्वेद को अपनाने पर चर्चा
कार्यक्रम का उद्देश्य
आरोग्य भारती के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संगोष्ठी का मकसद महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, डॉक्टर और समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का सम्मान किया गया और महिलाओं से शपथ दिलाई गई कि वे अपने साथ-साथ 5 अन्य महिलाओं को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगी।
