योगेंद्र शर्मा, indireporter.com
स्पा सेंटरों और होटलों में मिली 75 विदेशी युवतियां डिपोर्ट, इन्हें लाने वाले एजेंट बेनकाब क्यों नहीं
जयपुर शहर में अवैध रूप से रह रही विदेशी युवतियों के खिलाफ पुलिस और संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र से अब तक 75 विदेशी युवतियों को डिपोर्ट किया जा चुका है। कई युवतियां स्पा, मसाज सेंटर और होटलों में काम करती मिलीं, जिनमें कई के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर इसलिए भी प्रश्नचिह्न लग रहा है, स्थानीय एजेंटों, दलालों और बिचौलियों की कोई बड़ी गिरफ्तारी सामने नहीं आई है, जो इन्हें भारत लाने, ठहराने और अवैध रूप से काम दिलाने में मुख्य भूमिका निभाते हैं।
पूछताछ में एजेंटों और संदिग्ध नेटवर्क के बारे में सुराग मिलने की बात खुद जांच एजेंसियां स्वीकार कर चुकी हैं, इसके बावजूद कार्रवाई केवल युवतियों को डिपोर्ट करने तक ही सीमित दिख रही है।
थाईलैंड की युवतियां सबसे अधिक संख्या में पकड़ी गई हैं। इसके अलावा युगांडा, तंजानिया, उज्बेकिस्तान और केन्या की युवतियां भी शहर के विभिन्न होटलों और स्पा सेंटरों से पकड़ी गई हैं।
थाईलैंड की कई युवतियां फर्जी आव्रजन (इमिग्रेशन) मुहर के जरिये नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई थीं। वहीं, नाइजीरिया की एक युवती ने लाइबेरिया के पासपोर्ट पर भारत में प्रवेश किया था। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ विदेशी संदिग्धों के तार मानव तस्करी से जुड़े होने की आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है।
विदेशी युवतियों को अवैध रूप से लाने और यहां ठहराने वालों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस का पूरा सहयोग किया जा रहा है। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और स्पा संचालकों को विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना निर्धारित प्रक्रिया के तहत देने और फॉर्म-सी के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है।
