शिव वर्मा, indireporter.Com
कंवराई देवी मरकर भी अमर: अंगदान से मिला चार लोगों को नया जीवन
जोधपुर। एम्स जोधपुर में एक ब्रेन डेड मरीज के अंग दान किये गए, जब सड़क दुर्घटना की शिकार जैतारण, निवासी 46 वर्षीय कंवराई देवी के परिवार ने अंग दान करने का फैसला किया। रतन लाल की पत्नी श्रीमती कंवराई देवी 28 अगस्त को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। उन्हें ईएनटी रक्तस्राव, शरीर पर कई खरोंचों और बेहोशी की हालत में एम्स जोधपुर के आपातकालीन विभाग में लाया गया।
सर्वोत्तम चिकित्सा प्रयासों के बावजूद, 30 अगस्त को उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। अत्यधिक साहस और करुणा का परिचय देते हुए, कंवराई देवी का परिवार उनके अंगों को दान करने के लिए सहमत हो गया। इस निर्णय के बाद, उसी दिन दूसरा एपनिया परिक्षण किया गया, जिसमें मस्तिष्क मृत्यु की पुष्टि की गई।इसके पश्चात् परिवार से लिखित सहमति प्राप्त की गई और अंग दान की प्रक्रिया शुरू की गई।
संभावित प्राप्तकर्ताओं में प्रत्यारोपण के लिए दानकर्ता की किडनी, लीवर और हृदय को निकाला गया। एक किडनी एम्स जोधपुर को तथा दूसरी किडनी और हृदय एसएमएस अस्पताल जयपुर को तथा लीवर महात्मा गाँधी अस्पताल जयपुर को आवंटित की गई।
किडनी, लीवर और हृदय को पहले एम्स से जोधपुर एयरपोर्ट और फिर हवाई मार्ग से जयपुर भेजा गया। उसके बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर किडनी और हृदय को जयपुर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से एसएमएस जयपुर तथा लीवर को महात्मा गाँधी अस्पताल जयपुर भेजा गया।
ऑर्गन रिट्रीवल प्रक्रिया को एम्स जोधपुर के ऑर्गन ट्रांसप्लांट टीम द्वारा कार्यकारी निदेशक प्रो. जी.डी. पुरी, ट्रांसप्लांट टीम के अध्यक्ष प्रो. ए.एस. संधू, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीपक झा और ट्रांस्प्लांट प्रोग्राम के नोडल ऑफिसर डॉ शिव चरण नावरिया की देखरेख में सटीकता के साथ अंजाम दिया गया।
अंग महादान को आशा की एक किरण के रूप में काम करना चाहिए, और अधिक से अधिक व्यक्तियों को अंग दान के निस्वार्थ कार्य के माध्यम से होने वाले गहरे प्रभाव पर विचार करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
डॉक्टरों की अंग ट्रांसप्लांट टीम:
यूरोलॉजी, गैस्ट्रो सर्जरी, एनेस्थीसिया, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर, नर्सिंग अधिकारी, नेफ्रोलॉजी, ब्रेन डेथ सर्टिफिकेशन टीम, फोरेंसिक मेडिसिन, रेडियो डायग्नोसिस,गैस्ट्रोएंटरोलॉजी
एम्स प्रशासन।
