राजेश कुमावत, indireporter.com
माँ गंगा की गोद में हर की पौड़ी पर हुई 1100 श्री महालक्ष्मी यंत्रों की विशेष पूजा एवं अर्चना
हरिद्वार। माँ गंगा की पावन गोद में, हर की पौड़ी के पवित्र तट पर आज आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
श्री भंदे के बालाजी स्थित अखण्ड धुणी में हनुमान चालीसा के 1100 पाठों द्वारा सिद्ध किए गए 1100 श्री महालक्ष्मी यंत्रों की परिक्रमा यात्रा हरिद्वार पहुंची, जहाँ पवित्र गंगा तट पर इन यंत्रों की विशेष पूजा एवं अर्चना संपन्न हुई।
इस अवसर पर श्री गंगा सभा (रजि.) के अध्यक्ष नितिन गौतम ने संत अमरनाथ महाराज के सान्निध्य में विधिवत् पूजन किया।
पूजन से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया और सिद्ध यंत्रों का दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। पूरे घाट पर “जय श्री राम” और “जय मां गंगे” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इससे पूर्व गंगा सभा के महामंत्री तमन्य वशिष्ठ ने श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के मुख्य संरक्षक संत अमरनाथ महाराज का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया और समिति के कार्यों की सराहना की।
संत अमरनाथ महाराज ने बताया कि यह 1100 श्री महालक्ष्मी यंत्र छोटी दीपावली (हनुमान जन्मोत्सव) के पावन अवसर पर, श्री भंदे के बालाजी स्थित प्राचीन अखण्ड धुणी में 1100 हनुमान चालीसाओं के पाठ द्वारा सिद्ध किए गए थे।
अब इन यंत्रों की परिक्रमा यात्रा देश के प्रमुख 11 धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ की जा रही है।
पूजन अनुष्ठान पूर्ण होने के पश्चात संत अमरनाथ महाराज ने माँ गंगा से सभी भक्तों की समृद्धि, सुख-शांति और कल्याण की कामना की।
समिति के सदस्यों ने बताया कि 15 नवम्बर के बाद इन सिद्ध श्री महालक्ष्मी यंत्रों को भक्तों को भेंट किया जाएगा।
इस अवसर पर लोकेश बड़ीवाल, तनिष्क शर्मा, अंकित शर्मा, यशवर्धन, नितिन शर्मा, सहित अन्य श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
