By using this site, you agree to the Privacy Policy and Terms of Use.
Accept

Indi Reporter (Hindi)

|| India & Beyond: Stories Shaping Our World

Notification Show More
Font ResizerAa
  • Home
  • जयपुर
  • राजस्थान
  • भारत
  • विदेश
  • अपराध
  • खेल
  • राजनीति
  • शिक्षा
  • सकारात्मक खबर
  • संपादकीय
Reading: हल्दीघाटी की मिट्टी से किया तिलक, जयंती “महाराणा प्रताप” की मनाई जाती है, अकबर की नहीं: मोहन भागवत RSS
Share
Font ResizerAa
Indi Reporter (Hindi)Indi Reporter (Hindi)
  • व्यापार
  • राजस्थान समाचार
  • अपराध समाचार
  • भारत समाचार
  • सकारात्मक खबर
  • भोजन & जीवनशैली
  • मनोरंजन
  • पर्यावरण
  • राजनीति
  • शिक्षा
Search
  • Home
  • Categories
    • अपराध समाचार
    • खेल
    • जयपुर समाचार
    • तकनीकी
    • धार्मिक समाचार
    • पर्यावरण
    • भारत समाचार
    • भोजन & जीवनशैली
    • मनोरंजन
    • यात्रा
    • राजनीति
    • दुनिया की राजनीति
    • भारतीय राजनीति
    • राजस्थान समाचार
    • विज्ञान
    • विश्व समाचार
    • व्यापार
    • अर्थव्यवस्था
    • भारत व्यापार
    • विश्व व्यापार
    • शेयर बाजार
    • शिक्षा
    • सकारात्मक खबर
    • संपादकीय
    • स्वास्थ्य
  • Bookmarks
    • Customize Interests
    • My Bookmarks
Have an existing account? Sign In
Follow US
Indi Reporter || India & Beyond: Stories Shaping Our World Sites > Indi Reporter (Hindi) > Blog > Uncategorized > हल्दीघाटी की मिट्टी से किया तिलक, जयंती “महाराणा प्रताप” की मनाई जाती है, अकबर की नहीं: मोहन भागवत RSS
Uncategorized

हल्दीघाटी की मिट्टी से किया तिलक, जयंती “महाराणा प्रताप” की मनाई जाती है, अकबर की नहीं: मोहन भागवत RSS

Rajesh Kumawat
Last updated: June 17, 2026 2:59 pm
Rajesh Kumawat Published June 17, 2026
Share
SHARE

राजेश कुमावत, indireporter.com

हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने पर उदयपुर में राष्ट्र चेतना का विराट संगम

उदयपुर, 17 जून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारत का इतिहास पराधीनता का नहीं, बल्कि विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध निरंतर चले संघर्ष, प्रतिरोध और आत्मगौरव का इतिहास है। हल्दीघाटी का युद्ध केवल दो सेनाओं का युद्ध नहीं था, बल्कि राष्ट्रचेतना और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संपूर्ण समाज द्वारा लड़ा गया महासंग्राम था।

हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर उदयपुर के गांधी ग्राउंड में प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित विशाल ‘राष्ट्र चेतना संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी की विजय इसलिए हुई क्योंकि महाराणा प्रताप का जन्म हुआ था। उन्होंने कहा कि युद्ध के उपलब्ध ऐतिहासिक विवरणों, समकालीन स्रोतों और स्वयं मुगल इतिहासकारों के वर्णनों से स्पष्ट होता है कि युद्ध के विभिन्न चरणों में मुगल सेना को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि युद्ध के बाद भी शत्रु भय और असुरक्षा की स्थिति में रहा, तो वास्तविक विजय किसकी थी, इसका निर्णय इतिहास स्वयं करता है।

उन्होंने युद्ध के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप की सेना के पहले ही आक्रमण ने मुगल सेना को दूर तक पीछे हटने के लिए विवश कर दिया था। चेतक के अद्भुत पराक्रम, प्रताप की युद्धनीति और सैनिकों के आत्मबल ने सीमित संसाधनों के बावजूद विशाल साम्राज्य की सैन्य शक्ति को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप की सेना में केवल राजवंश या योद्धा वर्ग नहीं, बल्कि सम्पूर्ण समाज खड़ा था। जाति, पंथ, क्षेत्र और सामाजिक भेदों से ऊपर उठकर समाज राष्ट्ररक्षा के लिए एकजुट हुआ था।

सरसंघचालक ने कहा कि भारत का समाज कभी भी स्वेच्छा से पराधीनता स्वीकार करने वाला समाज नहीं रहा। जब-जब विदेशी आक्रांताओं ने इस भूमि पर अधिकार करने का प्रयास किया, तब-तब प्रतिरोध की अग्नि प्रज्ज्वलित हुई। उन्होंने बप्पा रावल, ललितादित्य, महाराणा प्रताप और अन्य वीरों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की आत्मा को पराजित करना किसी भी आक्रांता के लिए संभव नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि इतिहास को कई बार सत्ता के निकट रहने वालों ने अपने दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया, जिसके कारण अनेक राष्ट्रीय नायकों के योगदान को अपेक्षित स्थान नहीं मिला। हल्दीघाटी के युद्ध के संदर्भ में भी तथ्यों की पुनर्समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस महाराणा प्रताप की जयंती आज पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है, वही इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि राष्ट्र अपने वास्तविक नायकों को कभी नहीं भूलता।

डॉ. भागवत ने कहा, “दुनिया में कहीं अकबर की जयंती नहीं मनाई जाती, जबकि महाराणा प्रताप का स्मरण आज भी जन-जन करता है। इतिहास का यह लोकनिर्णय स्वयं बताता है कि विजय किसकी हुई थी।”

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप को ‘हिंदुआ सूरज’ यूं ही नहीं कहा गया। उन्होंने अपने धर्म, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनका जीवन सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि लोककल्याण, आदर्श शासन और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा का उदाहरण है। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐसा आदर्श स्थापित किया जो आज भी राष्ट्रजीवन को प्रेरणा देता है।

सरसंघचालक ने कहा कि भारत की शक्ति उसकी एकता, समरसता और आत्मविश्वास में निहित है। केवल संकट के समय ही नहीं, बल्कि सामान्य परिस्थितियों में भी समाज को संगठित और जागृत रहना होगा। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान और ‘स्व’ का भाव जब तक जीवित रहेगा, तब तक भारत हर चुनौती का सामना करते हुए विजय की नई गाथाएं रचता रहेगा।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह का आह्वान करते हुए कहा कि सभी नागरिक महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रोत्थान, समाज संगठन और विश्वकल्याण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि भारत का उत्थान ही विश्व के कल्याण का मार्ग है और इसी दिशा में कार्य करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

हल्दीघाटी विजय का गौरव इतिहास की भ्रांतियों का करेगा अंत : श्रीजी श्याम शरण

—समारोह में विशिष्ट अतिथि निम्बार्काचार्य श्रीजी श्याम शरण देवाचार्य ने कहा कि यह आयोजन केवल एक ऐतिहासिक स्मरण नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का महापर्व है। उन्होंने कहा कि वर्षों से इतिहास के संबंध में फैलाई गई भ्रांतियों का निराकरण अब समाज के सामने हो रहा है और महाराणा प्रताप के वास्तविक गौरव को पुनः स्थापित किया जा रहा है।

अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि मेवाड़ की भूमि शौर्य और भक्ति दोनों की पावन धरा है। एक ओर इस भूमि ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जैसे राष्ट्रनायक को जन्म दिया, वहीं दूसरी ओर भक्तिमती मीराबाई जैसी महान कृष्णभक्त को भी दुनिया को दिया। उन्होंने कहा कि जब मातृभूमि और सनातन संस्कृति पर संकट आया, तब महाराणा प्रताप ने भगवान श्रीराम के “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” के आदर्श को आत्मसात करते हुए अपना सर्वस्व राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।

श्रीजी श्याम शरण ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की यही चेतना समय-समय पर विभिन्न रूपों में प्रकट होती रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रत्येक स्वयंसेवक “नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे” की भावना के साथ मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने समाज से जाति, वर्ग और संकीर्णताओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम्” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” का संदेश देती है। समारोह में राष्ट्रभक्ति का वातावरण तब और प्रखर हो गया जब उपस्थित जनसमूह ने “चंदन है इस देश की माटी, तपोभूमि हर ग्राम है, हर बाला देवी की प्रतिमा, बच्चा-बच्चा राम है” गीत का सामूहिक गायन किया।

हल्दीघाटी विजय का सत्य जन-जन तक पहुंचाना होगा: डॉ. भगवती प्रकाश शर्मा

—समारोह की अध्यक्षता करते हुए वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष डॉ. भगवती प्रकाश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अब समय आ गया है कि हल्दीघाटी युद्ध के वास्तविक इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया जाए और उन भ्रांतियों का निराकरण किया जाए जो वर्षों से समाज में प्रचारित की जाती रही हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि इस वर्ष महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी युद्ध के 450 वर्ष पूर्ण होने का दुर्लभ संयोग बना है, जिससे इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध ऐतिहासिक प्रमाण स्पष्ट करते हैं कि हल्दीघाटी युद्ध में महाराणा प्रताप ने मुगल सेना को परास्त कर स्वाधीनता, स्वाभिमान और राष्ट्रधर्म की रक्षा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया था।

उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी का युद्ध केवल दो सेनाओं के बीच संघर्ष नहीं था, बल्कि विदेशी साम्राज्यवादी शक्तियों के विरुद्ध भारतीय अस्मिता की रक्षा का महान अभियान था। मेवाड़ ने कभी भी विदेशी सत्ता के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया और अपनी स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखा।

डॉ. शर्मा ने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर हल्दीघाटी विजय के ऐतिहासिक सत्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित परम पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत तथा संत सान्निध्य में पधारे निम्बार्क पीठाधीश्वर के आशीर्वाद से यह संदेश देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर में बसे भारतीय समाज तक पहुंचेगा।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन, मीडिया, सामाजिक संगठनों एवं हजारों कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रचेतना के नवजागरण का ऐतिहासिक अभियान बताया।

गूंजते रहे जयकारे

—हजारों आंगतुकों की उपस्थिति में सभा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय श्रीराम” और “महाराणा प्रताप अमर रहें” के उद्घोषों से पूरा गांधी ग्राउंड राष्ट्रभक्ति के स्वर से गुंजायमान रहा। सम्पूर्ण मेवाड़ वागड़ व राजस्थान के अन्य जिलों सहित देश के कोने—कोने से उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में संत समाज का भी आशीर्वाद मिला। राष्ट्र चेतना संकल्प सभा राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का विराट उद्घोष बन गई। समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इसे एक लाख से अधिक लोगों ने विभिन्न प्लेटफॉर्म पर देखा।

इससे पूर्व, आरंभ में प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने सभी का स्वागत करते हुए वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति व समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मोहन भागवत के सरकार्यवाह रहते हुए शिलान्यास हुआ और सरसंघचालक का दायित्व संभालने के बाद 2016 में केन्द्र का उद्घाटन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रताप गौरव केंद्र में श्रव्य दृश्य प्रदर्शनी से महाराणा प्रताप के हल्दीघाटी युद्ध में हार होने के विमर्श को तोड़ा गया है और महाराणा प्रताप के हल्दीघाटी युद्ध में विजय होने के विमर्श को स्थापित किया गया है। उन्होंने युवा पीढ़ी से हल्दीघाटी विजय का उद्घोष पूरे विश्व में गुंजाने का प्रण लेने का आह्वान किया। उन्होंने हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु: शती समारोह के तहत वर्ष भर हुए आयोजनों की जानकारी भी दी।

सीएम सहित कई विशिष्टजन रहे सभा में

—राष्ट्र चेतना संकल्प सभा में मेवाड़—वागड़ के कई संत—महंतों का सान्निध्य प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन सिंह राठौड़, सांसद सीपी जोशी, डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, धरोहर संरक्षण प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत आदि उपस्थित थे। विशेष रूप से नाथद्वारा विधायक व मेवाड़ राजपरिवार के महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि बुधवार को उनका जन्मदिन भी था। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ भी सभा में उपस्थित थीं। विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, शंकर ढेचा, अर्जुनलाल जीनगर, श्रीचंद कृपलानी, लालाराम बैरवा आदि उपस्थि​त थे। मेवाड़ राजपरिवार की सदस्य निवृत्ति कुमारी मेवाड़ भी उपस्थित थीं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरुण जैन, राजस्थान क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेशचंद्र अग्रवाल, प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संगठन मंत्री जे नंदकुमार, लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे। विभिन्न विश्वविद्यालयों कुलगुरु भी सभा में थे।

‘देश उठेगा अपने पैरों निज गौरव के भान से’

—सभा में जाने—माने गायक प्रकाश माली ने महाराणा प्रताप व देशभक्ति गीतों से उत्साह भर दिया। सभा में उपस्थि​त लोगों ने गीतों पर सुर से सुर मिलाया। सरसंघचालक के उद्बोधन से पूर्व विशेष भाव गीत ‘देश उठेगा अपने पैरों निज गौरव के भान से’ की प्रस्तुति की गई। कार्यकर्ता विशाल पंडित, भगवत सिंह सोलंकी, कपिल सोनी, अनुपम सोनी के सुरों के साथ वंशी पर धनंजय सोनी व ढोलक पर नैतिक चौबीसा ने संगत की।

सभी का हल्दीघाटी की माटी से तिलक

—आगंतुकों का कार्यकर्ताओं ने हल्दीघाटी की माटी से तिलक​ किया गया। प्रवेश द्वारों पर कार्यकर्ताओं ने एक—एक आगंतुक को तिलक किया गया। संत प्रवर व गणमान्य अतिथियों का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

चार दिन 50 रुपये ही रहेगा शुल्क

—वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु: शती समारोह के तहत बुधवार दोपहर 2 बजे बाद अगले 4 दिन तक केंद्र के दर्शन का शुल्क 50 रुपये रखा गया है। बुधवार को हल्दीघाटी सार्द्ध चतुः शती समारोह के दौरान दोपहर 2 बजे तक गौरव केंद्र के दर्शन नहीं हुए। इसके बाद पर्यटकों का प्रवेश पुन: शुरू किया गया। शुल्क में छूट 20 जून तक जारी रहेगी।

चिकित्सा सुविधाओं का भी विशेष ध्यान

-कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध रही। एक एम्बुलेंस भी आयोजन स्थल पर तैनात रही। एमबी हॉस्पिटल से चिकित्सक, छात्र चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ आदि उपस्थित रहे। इमरजेंसी में एक विशेष टीम सक्रिय रही। हर टीम में एक महिला चिकित्सक भी रही।

सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त आयोजन

-पूरा आयोजन सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त रहा। अतिथियों के लिए पानी की बोतल मिट्टी की उपयोग में ली गई। कूड़ेदान भी मिट्टी के उपयोग में लिए गए

तीन दिवसीय प्रदर्शनी सम्पन्न

—गांधी ग्राउंड में 15 जून से शुरू हुई हल्दीघाटी युद्ध विजय चित्र प्रदर्शनी का समापन भी बुधवार को हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। हल्दीघाटी की मिट्टी से महेन्द्र कलार्थी द्वारा बनाई गई महाराणा प्रताप व सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की तस्वीर के साथ सेल्फी लेने की होड़ रही। कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, चिकित्सकोंं, शिक्षकों ने भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। कुछ शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने यह इच्छा भी जताई कि यह प्रदर्शनी विद्यालयों में प्रदर्शित की जानी चाहिए।

You Might Also Like

आसाम के एयर बेस पर बड़ा हादसा, वायु सेना का AN-32 विमान क्रैश, दो हिस्सों में बटा

सम्राट पृथ्वीराज चौहान कि 860 वी जयंती के अवसर पर फलदार वृक्षों का मामाजी मंदिर में पौधा रोपण किया

“कृष्णावताराम” महिला सशक्तिकरण एवं भरतीय संस्कृति का प्रेरक संदेश : दिया कुमारी

कोटा के चन्द्रेसल मठ में महंत देवआनंद महाराज कि चाकूओं से गोद कर निर्मम हत्या, साधु संतों में आक्रोश

लोकप्रिय कर्मचारी नेता एवं सबके प्रिय स्व. हनुमान सिंह जी श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी जनता

Share This Article
Facebook Twitter Email Print
Leave a comment

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow US

Find US on Social Medias
FacebookLike
TwitterFollow
YoutubeSubscribe
TelegramFollow

Weekly Newsletter

Subscribe to our newsletter to get our newest articles instantly!

[mc4wp_form]
Popular News
खेलजयपुर समाचारतकनीकीधार्मिक समाचारमनोरंजनराजस्थान समाचार

जादूगरों ने, जादू से किया, जादूगर ओपी शर्मा का सम्मान

Rajesh Kumawat Rajesh Kumawat June 26, 2025
विधानसभा में सभी विधायकों के लिए प्रशिक्षण शिविर अनिवार्य, सदन में नींद लेना एवं धूम्रपान करना माना
“प्रयागराज महाकुंभ” चलो अभियान 31 दिसंबर से होगा शुरू
राजस्थानी “संडे सांगा” 6 जनवरी को OTT पर रिलीज होगी
लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण के लिए विधानसभा में नया कानून बनाएगी भजन लाल सरकार

Categories

  • राजनीति
  • व्यापार
  • भारत
  • विश्व समाचार
  • Science
  • राजस्थान
  • अपराध समाचार
  • सकारात्मक समाचार

About US

Indi Reporter aims to be your go-to destination for staying informed about the latest developments, trends, and stories that matter most.
Quick Links
  • About Us
  • Contact Us
  • Privacy policy
  • Terms of use
Quick Links
  • Support Us
  • Join Us
  • Advertisement
  • Editorial

Subscribe US

Subscribe to our newsletter to get our newest articles instantly!

[mc4wp_form]
© Indi Reporter. All Rights Reserved.
Welcome Back!

Sign in to your account

Lost your password?