राजेश कुमावत , indireporter.com
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया गुरु पूजन और गुरु से लिया “यशस्वी भव” का आशीर्वाद
गुरु पूर्णिमा पर श्री मंशापूर्ण रामेश्वर सरकार पीठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
देश-विदेश से श्रद्धालु ऑनलाइन जुड़े, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया गुरु पूजन
जयपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्वेज फार्म स्थित श्री मंशापूर्ण रामेश्वर सरकार पीठ में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का भव्य संगम देखने को मिला। पीठाधीश्वर ज्योतिषाचार्य डॉ. पंडित पुरुषोत्तम गौड़ के सान्निध्य में आयोजित गुरु पूजन महोत्सव में जयपुर सहित प्रदेशभर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दिनभर पीठ पर श्रद्धालुओं एवं विशिष्ट अतिथियों का आगमन होता रहा तथा पूरा परिसर गुरु वंदना और भक्ति के वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने पीठ पर पहुंचकर अपने गुरु ज्योतिषाचार्य डॉ. पंडित पुरुषोत्तम गौड़ का विधिवत गुरु पूजन किया। उन्होंने गुरु के चरण पखारकर पुष्पमाला एवं दुपट्टा अर्पित किया, मिठाई एवं भेंट समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान डॉ. गौड़ ने उन्हें गुरु मंत्र प्रदान करते हुए तुलसी की कंठी धारण कराई और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं जनसेवा के लिए आशीर्वाद दिया। मंत्री के आगमन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में सवाई माधोपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह मोरन, अमेरिका के टेक्सास से आए अविनाश जायसवाल, संतोष शर्मा, ओमप्रकाश, मनोज अग्रवाल, अमित गोदारा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव की विशेषता यह रही कि जयपुर एवं राजस्थान के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, वहीं अमेरिका, लंदन सहित अनेक देशों में रह रहे शिष्यों एवं भक्तों ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर गुरु वंदना की और अपनी श्रद्धा अर्पित की।
इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य डॉ. पंडित पुरुषोत्तम गौड़ ने अपने प्रेरक संदेश में कहा कि गुरु का सम्मान तभी सार्थक होता है, जब व्यक्ति अपने जीवन में संस्कार, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनाए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से “बेटी पढ़ाओ–बेटी बचाओ, जल बचाओ–बिजली बचाओ तथा एक परिवार–एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही सच्ची गुरु-दक्षिणा है और यही आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगी।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्र, समाज एवं विश्व कल्याण की सामूहिक प्रार्थना की गई तथा सभी श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा एवं आस्था समर्पित की।
