दीपक शर्मा , indireporter.com
भाजपा जिला कार्यालय में निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर कोर कमेटियों की बैठक, व्यवस्थाओं पर हुआ मंथन
पाली। भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को जिलाध्यक्ष सुनील भण्डारी एवं जिला प्रभारी राजेन्द्र बोराणा ने पाली जिले की सभी नगर निकायों की कोर कमेटियों की बैठक ली। बैठक में आगामी निकाय चुनाव को लेकर चुनावी तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं संगठनात्मक कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सामने आई विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा मीडिया संयोजक प्रवीण गोलेच्छा ने बताया कि पाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में दिनभर शहरवासियों एवं संभावित पार्षद प्रत्याशियों का आवागमन बना रहा। कार्यालय में विधि प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने पार्षद पद के उम्मीदवारों को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित आवेदन फार्म भरने में सहयोग किया तथा फार्म के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। दस्तावेजों की पूर्ति के बाद आवेदन फार्म पूर्ण करवाए गए।
गोलेच्छा ने बताया कि महाराष्ट्र से पाली नगर निगम चुनाव के लिए आए प्रभारी नरेन्द्र पंवार, सह प्रभारी विवेक कोल्हे एवं उनकी टीम द्वारा लगातार वार्डवार जनसम्पर्क किया जा रहा है। टीम द्वारा विभिन्न वार्डों में पहुंचकर आमजन से संवाद किया जा रहा है तथा भाजपा के पक्ष में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए प्रभावी रूप से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संभावित प्रत्याशी भी अपने-अपने वार्डों में जनता से लगातार सम्पर्क कर रहे हैं तथा बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत करने की तैयारियों में जुटे हैं। निकाय चुनाव को लेकर पाली शहर की जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा आज रात्रि को पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी किए जाने की पूरी संभावना है। प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद पार्टी की चुनावी गतिविधियां और अधिक तेज होने की उम्मीद है।
