राजेश कुमावत, indireporter.com
माटी कला बोर्ड की बजट घोषणाओं पर धन्यवाद सभा, माटी कला समाज राष्ट्रहित में काम करने के लिए सदैव तत्पर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, 6 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि माटी कला समाज के लोग सामाजिक सरोकारों तथा राष्ट्रहित में काम करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। इस समाज के लोगों को प्रजापत की संज्ञा दी है क्योंकि वे मिट्टी को अपने हुनर के माध्यम से मूर्तरूप प्रदान करते हैं। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तेज, संतुलित एवं समावेशी बनाने के लिए कला एवं कलाकारों को लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
भजनलाल शर्मा मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर बजट घोषणाओं के लिए आयोजित धन्यवाद सभा में माटी कला बोर्ड के प्रतिनिधिमण्डल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने पहले ही बजट में हर क्षेत्र और हर वर्ग की आकांक्षाओं और उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की है। बजट को लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा है तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली में ही हमारे जन सेवा के कार्यों की सार्थकता निहित है।
कलाकारों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार माटी कला से जुड़े कलाकारों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा 5 करोड़ रुपये की लागत से माटी कला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, माटी कलाकारों को एक हजार इलेक्ट्रिक चाक और मिट्टी गूंथने की मशीनें, हैण्डलूूम, हैंडीक्राफ्ट एवं एमएसएमई सेक्टर के 50 क्लस्टर अगले तीन साल में विकसित करने जैसे निर्णय किए गए हैं। साथ ही, राज्य के प्रत्येक जिले को एक्सपोर्ट हब बनाया जाएगा, इसके लिए राजस्थान वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रॉडक्ट पॉलिसी 2024 लाई जाएगी।
माटी कला बोर्ड के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का बजटीय घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बोर्ड के पदाधिकारियों ने भजनलाल शर्मा को एक चित्र भेंट स्वरूप दिया। इस अवसर पर श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टांक, हाई कोर्ट के सीनियर एडवोकेट मनीष कुमावत , भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष चेतन धुंधरिया, भाजपा की पूर्व उपाध्यक्ष मधु कुमावत , सामाजिक कार्यकर्ता एवं कलाकार चांदमल कुमावत , भाजपा युवा मोर्चा के पूरे अध्यक्ष डीडी कुमावत , सहित समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समाज की ओर से सीनियर अधिवक्ता मनीष कुमावत एडवोकेट ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को ज्ञापन देकर आग्रह किया की राजस्थान में कुमावत प्रजापति समाज के लगभग 3000 अधिवक्ता है, जिन्हें राजस्थान हाई कोर्ट जोधपुर एवं जयपुर तथा अधीनस्थ न्यायालयों में होने वाली सरकारी अधिवक्ताओं की नियुक्ति में समाज को भी न्यायोचित प्रतिनिधित्व प्रतिनिधित्व दिया जाए।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आश्वासन दिया है कि समाज के अधिवक्ताओं की मांग पर वह विचार करेंगे तथा समाज के अधिवक्ताओं को नियुक्तियां दी जावेगी।
