शिव वर्मा, indireporter.com
स्वयं इंदिरा गांधी स्वर्ग से आ जाएं तो भी 370 वापस लागू नहीं होगा
अनुच्छेद 370 पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री की विपक्ष को खरी-खरी
- वक्फ बिल पर बोले, जब कोई प्रोग्रेसिव कानून बनाने की चर्चा हो रही है, तब कुछ लोगों के पेट में क्यों दर्द हो रहा है
जोधपुर, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि अनुच्छेद 370 इस देश में अलगाव का बीज था, जड़ थी, देश के मस्तक पर एक काले टीके के समान था, जिसको नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी के सक्षम नेतृत्व ने जमींदोज करते हुए दफन कर दिया। जैसा गृह मंत्री ने चुनाव की रैली को संबोधित करते हुए कहा, स्वयं इंदिरा गांधी स्वर्ग से लौटकर वापस यदि आ जाएं तो भी 370 वापस देश में लागू नहीं होगा।
गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर में मीडिया से रू-ब-रू हुए। वक्फ कानून को लेकर विपक्ष की आपत्तियों के सवाल पर शेखावत ने कहा कि इस पर अधीरता की आवश्यकता नहीं है। ये अभी ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी के पास में है। वो इसे स्टडी कर रही है। सभी स्टेकहोल्डर से बातचीत कर रही है। एक बार कमेटी की रिपोर्ट आ जाने दीजिए, लेकिन मुझे यह समझ में नहीं आता कि देश में जब कोई प्रोग्रेसिव कानून बनाने की चर्चा हो रही है, तब कुछ लोगों के पेट में क्यों दर्द हो रहा है? इसकी जानकारी हम सबको करनी चाहिए।
जोधपुर एलिवेटेड रोड को लेकर शेखावत ने कहा कि जोधपुर एलिवेटेड रोड के लिए पिछले कई वर्षों से हम सब मिलकर प्रयास कर रहे थे। प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद से और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी ने जो वादा जोधपुर के लोगों से किया था, मेरे अनुरोध को स्वीकार करते हुए अब वो प्रयासों और अवरोधों को पारकर टेंडर के स्टेज पर आ गया है। मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले दो महीने में हम टेंडर की प्रक्रिया को पूरी कर इसका काम शुरू कर पाएंगे। एलिवेटेड रोड की 968 करोड़ रुपए की बेसिक कास्ट कैल्कुलेट की गई है। यह पहला चरण होगा। दूसरे चरण में आने वाले समय में इसे चौपासनी तक ले जाने का काम करेंगे।
