दीपक शर्मा, indireporter.com
पाली में सरगरा समाज का धरना प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
पाली। ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व लेन-देन के विवाद को लेकर एक ही परिवार पर हुए हमले के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से सरगरा समाज में रोष है। इसी को लेकर सोमवार को समाज के लोगों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
धरना दे रहे समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पाली शहर की इंद्रा कॉलोनी में 19 दिसंबर को दोपहर के समय लेन-देन के विवाद को लेकर कुछ युवकों ने एक ही परिवार पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। हमले में अशोक सरगरा, उनकी पत्नी संतोष और मंजू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समाज के लोगों का कहना है कि घटना की रिपोर्ट ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में आक्रोश व्याप्त है और पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
समाज ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
