केकड़ी में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: घर में घुसकर कुल्हाड़ी-सरियों से जानलेवा हमला, भाई के पैर काटे, महिलाओं से बर्बरता और लाखों की लूट
केकड़ी (अजमेर): जिले के केकड़ी शहर थाना क्षेत्र के उम्मेदपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मंगलवार (19 मई 2026) शाम को एक कुमावत परिवार पर हथियारों से लैस दर्जन भर से अधिक लोगों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कुमावत भाइयों के कुल्हाड़ी से वार कर पैर काट दिए, महिलाओं के साथ भी बर्बरता करते हुए मारपीट की और लाखों रुपये की नकदी व सोने के जेवरात लूट लिए।
पीड़ित नंदलाल कुमावत (30) ने बुधवार को केकड़ी शहर थाने में इस खौफनाक घटना की नामजद एफआईआर दर्ज कराई है।
रोटी खाते समय बोला धावा
एफआईआर के अनुसार, 19 मई की शाम करीब 5 बजे नंदलाल और उसका परिवार घर में रोटी खा रहा था। उसी दौरान गांव के ही खुशीराम, रामपाल, जगदीश, काना, सांवरलाल, भैरूलाल, रामराज, धनराज और उनके परिवार की महिलाओं (मीरां, सुरज्ञान, ममता, भूरी, बाली, सुशीला, चांद) ने एकराय होकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। ये सभी सरियों और कुल्हाड़ियों से लैस होकर अनाधिकृत रूप से घर में घुस गए और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
कुल्हाड़ी से काटे पैर, महिलाओं के फाड़े कपड़े
रिपोर्ट में सनसनीखेज आरोप है कि खुशीराम और सांवरलाल ने कुल्हाड़ी से वार कर ललाराम के दोनों पैर काट दिए और उसके हाथों व शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। इसके बाद धनराज, जगदीश और काना ने कैलाशी देवी के साथ घोर अभद्रता की। आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए, बाल पकड़कर घसीटा और सरिए से वार कर उसका बायां हाथ तोड़ दिया। हमलावरों ने महिला के गले से सोने के दो मांदलिया और रामनामी (जेवर) नोच लिए।
बीच-बचाव करने आई नाबालिग सुनीता और छोटे बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। आरोपी महिलाओं (मीरां, सुरज्ञान, ममता आदि) ने नाबालिग को जमीन पर पटक-पटक कर लाठियों व लात-घूंसों से पीटा।
साढ़े चार लाख की लूट और जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने घर में तारबंदी के लिए रखे 3,08,000 रुपये नकद भी लूट लिए। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, लूटी गई संपत्ति (नकदी और जेवर) का कुल मूल्य 4,58,000 रुपये है। जाते-जाते आरोपी यह धमकी दे गए कि “आज तो पैर ही काटे हैं, अगली बार जान से खत्म कर देंगे।”
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे पीड़ित
घटना के बाद ललूहलुहान और बेहोश पीड़ितों को 108 एंबुलेंस की मदद से केकड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने नंदलाल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं 189(2), 115(2), 333, 110, 76, 304(2) और 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक (एसआई) बनवारी लाल मीणा को सौंप दी गई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
