जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को प्रधानमंत्री ई बस सेवा के तहत अमर जवान ज्योति से 29 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भीलवाड़ा में भी 18 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक से सुसज्जित ई बस का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली परिवहन सुविधाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान उन्होंने अमर जवान ज्योति से स्टेट हेंगर तक ई बस में सफर किया। पीएम ई बस सेवा शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन, जेसीटीएसएल के उच्चाधिकारी सहित आमजन उपस्थित रहे। वहीं भीलवाड़ा से विधायक उदयलाल भड़ाना, अशोक कोठारी सहित आमजन वीसी के जरिए कार्यक्रम में जुड़े।
