राजेश कुमावत, Indireporter.com
लहरिया उत्सव में झलकी राजस्थानी संस्कृति की छटा, डॉ. सौम्या गुर्जर ने किया शक्ति संवाद
जयपुर। दुर्गा शक्ति ग्रुप द्वारा श्रावण मास के उपलक्ष्य में आयोजित लहरिया उत्सव में राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का उत्सव देखने को मिला। रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों से सजे आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जयपुर शहर की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
डॉ. सौम्या गुर्जर ने महिलाओं के साथ ‘शक्ति संवाद’ किया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास और लहरिया भारतीय संस्कृति, आस्था और नारी सम्मान के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान करते हैं। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान करते हुए ‘शक्ति वंदन’ अभियान से जुड़ने की अपील की।
दुर्गा शक्ति ग्रुप की संयोजक मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया कि उत्सव में बेस्ट लहरिया क्वीन, बेस्ट राजस्थानी डांसर, बेस्ट लहरिया सतरंगी चूड़ी, बेस्ट रैम्प वॉक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं और हाउसी गेम का आयोजन किया गया। विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रावण मास की परंपराओं को जीवंत किया। आयोजन के दौरान राजस्थानी लोक संस्कृति और पारंपरिक परिधानों की आकर्षक छटा देखने को मिली।
इस अवसर पर दुर्गा शक्ति ग्रुप की ओर से डॉ. सौम्या गुर्जर का अभिनंदन किया गया। ग्रुप ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘शक्ति वंदन’ अभियान महिलाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल है।
कार्यक्रम में रुचिका अग्रवाल, दीपाली अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।
