दीपक शर्मा,indireporter.com
पाली मारवाड़ स्टेशन पर ‘संरक्षण संवाद’ कार्यक्रम आयोजित, रेलकर्मियों से सुरक्षा को लेकर किया संवाद
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने रेलकर्मियों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए, पुनर्विकास कार्यों का भी किया निरीक्षण
जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को ‘संरक्षा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिचालन, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार सहित विभिन्न विभागों के तकनीकी एवं अन्य रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रेलकर्मियों से संवाद किया और उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कर्मचारियों से सुरक्षा संबंधी समस्याओं, कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों एवं उनके सुझावों के बारे में जानकारी ली तथा उचित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने रेलकर्मियों को सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल संरक्षण अधिकारी रामनिवास जाट के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने तथा कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों को प्रथम प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इस दौरान डीआरएम ने प्रारंभ में जोधपुर से पाली मारवाड़ रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड में संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।*पाली मारवाड़ स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण*इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे मेगा पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता बनाए रखने तथा उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शौचालय, बुकिंग कार्यालय, स्टेशन अधीक्षक कक्ष सहित निर्माणाधीन पुनर्विकास कार्यों का अवलोकन किया तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संरक्षा) रामनिवास जाट, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (लॉको) जोगेंद्र मीणा, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (टीआरडी) हरीश, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (सामान्य) महेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
