Indireportercom
मुख्यमंत्री ने दी सरकारी नौकरियों की सौगात
हजारों युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
- रिक्त पदों का कलेण्डर बनाकर समय से आयोजित होंगी भर्ती
- युवाओं ने समय पर नियुक्ति मिलने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार, कहा- सरकारी नौकरी का सपना बना हकीकत
जयपुर, 29 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित एवं उत्कृष्ट राजस्थान बनाने में युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी। राजकीय सेवाओं में युवाओं को प्रदेश व समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा करने एवं सकारात्मक परिवर्तन लाने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतर रही है और उन्हें सरकारी नौकरियों के सुनहरे अवसर भी प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को जयपुर में प्रथम बार आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय ‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनियुक्त राज्य कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उत्कृष्ट राज्यकार्य के लिए प्रेरित किया। साथ ही, सभी जिला मुख्यालयों से जुड़े नवनियुक्त कार्मिकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से 20 हजार से अधिक नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा को जब नौकरी मिलती है तो पूरे परिवार को आत्मबल की अनुभूति होती है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में नियमित रूप से ‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’ आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओें को रोजगार देने के संकल्प पत्र के वादे को पूरा करने के लिए पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती परीक्षाओं का आयोजन सुनिश्चित कर रही है।
युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए विभागों में रिक्त पदों एवं सेवानिवृत्ति के बाद रिक्त पदों की कलेण्डर बनाकर भर्तियां आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष विभिन्न राजकीय सेवाओं के 70 हजार पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा अब तक 16 हजार 641 पदों पर नियुक्ति, 58 हजार पदों के लिए विज्ञापन जारी, 11 हजार 500 पदों के लिए परीक्षा आयोजित एवं 5 हजार 500 पदों की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा करने वाले सावधान रहें, क्योंकि प्रदेश में सरकार बदल गई है और युवाओं के हितों पर कुठाराघात करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने सरकार का गठन होते ही पेपरलीक मामलों की त्वरित जांच के लिए एसआईटी का गठन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राजस्थान पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी हेमंत सिंह शेखावत ने आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की संवेदनशीलता से उन्हें आचार संहिता में नियुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि वह भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा कर चुके हैं और अब राजस्थान पुलिस सेवा का अभिन्न हिस्सा बनकर उन्हें राज्य सेवा का अवसर मिला है।
मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि राजकीय सेवा में काम करते हुए नवनियुक्त कार्मिक कड़ी मेहनत एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शुभ्रा सिंह, प्रमुख शासन सचिव कार्मिक हेमन्त गेरा, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के शासन सचिव पी.सी. किशन एवं आयुक्त कुमार पाल गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में नवनियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे और सभी जिला मुख्यालयों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं नवनियुक्त कार्मिक जुड़े।
