दीपक शर्मा’,indireporter.com
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भर भारत, जल संवर्धन, महिला सशक्तिकरण जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर किया देशवासियों का मार्गदर्शन : मदन राठौड़
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण प्रदेशभर में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने सामूहिक रूप से सुना। मदन राठौड़ ने पाली कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, विज्ञान, खेल, महिला सशक्तिकरण, हस्तशिल्प, खादी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का मार्गदर्शन किया। मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और सैन्य सम्मान की भावना को और सुदृढ़ किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप रक्षा क्षेत्र में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘कैच द रेन’, ‘एक पेड़ मां के नाम’, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए आह्वान को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। भाजपा कार्यकर्ता इन अभियानों को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाएंगे। प्रधानमंत्री ने युवाओं की वैज्ञानिक उपलब्धियों, अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति, खिलाड़ियों की सफलताओं तथा महिलाओं के आत्मनिर्भरता के प्रयासों का उल्लेख कर देश की नई पीढ़ी को प्रेरणा दी है। इसके साथ ही उन्होंने वोकल फॉर लोकल, खादी, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को अपनाने का संदेश देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत किया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने जयपुर में सांगानेर विधानसभा के मानसरोवर मंडल के बूथ संख्या 125 पर स्थानीय आमजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इस दौरान कार्यक्रम के पश्चात बूथ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश सह-कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम श्रवण किया।
