Deepak Sharma, indireporter.com
पाली: आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब से भरा पिकअप जब्त, 180 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद
पाली। आबकारी आयुक्त राजस्थान नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाली आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने 180 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब से भरा पिकअप वाहन पकड़ा है। एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पोमावा सरहद पर पकड़ा गया वाहन
जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोज बिस्सा और आबकारी निरीक्षक हिरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में 29.07.2026 को संयुक्त रेड के दौरान टीम ने अक्षर पेट्रोल पम्प के सामने, पोमावा सरहद पर बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन RJ24X9481 को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन में से कुल 180 कार्टन चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 129 कार्टन रॉयल चैलेंज व्हिस्की और 51 कार्टन ऑल सीजन व्हिस्की के पव्वे शामिल हैं।
बीकानेर का आरोपी गिरफ्तार
मौके से वाहन चालक गिरधारी सिंह तंवर पुत्र अमर सिंह तंवर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी उम्र 40 वर्ष, निवासी ब्राह्मणों की बस्ती, वार्ड नंबर 09, पानी टंकी के पास, सोडावाली, पुलिस थाना लूणकरणसर, जिला बीकानेर का रहने वाला है।
FIR दर्ज, जांच जारी
आबकारी विभाग ने मौके पर कार्रवाई पूर्ण कर कार्यालय पहुंचकर अभियोग दर्ज कर FIR जारी कर दी है। विभाग ने बताया कि शराब की तस्करी कहां से और कहां ले जाई जा रही थी, इस संबंध में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन-जोधपुर श्रीमती सीमा कविया के निर्देशन में की गई।
