दीपक शर्मा indireporter.com
पाली में दिनदहाड़े हुई 3 लाख की लूट, दो बदमाश वारदात को अंजाम देकर हुए फरार
दिनदहाड़े बाइक पर आए दो बदमाश स्कूटी चालक का तीन लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। लूट की वारदात होते ही व्यापारी ने शोर मचाते हुए बदमाशो की बाइक का पीछा भी किया लेकिन बदमाश ओझल हो गए। घटना के बाद नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश सुमेरपुर की तरफ जाते हुए दिखाई दिए हैं।
कोतवाल किशोरसिंह भाटी के अनुसार पुराना बीसीएम प्रोपर्टीज में कार्यरत हाऊसिंग बोर्ड निवासी आनंद मेहता ने रिपोर्ट दी है, कि वह आज सुबह मस्तान बाबा स्थित एक्सिस बैंक गया था, उस वक्त गणेशराम सीरवी भी उसके साथ था, सीरवी ने एक्सिस बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपए निकाल कर उन्हें दिए, और बैग में 1 लाख 20 हजार रुपए नकद भी थे।
इस प्रकार बैग में कुल 3 लाख रुपए नकद सहित चेक बुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, हिसाब-किताब लिखने की दो बुक भी थी। स्कूटी से बैंक से वापस लौटते हुए रुपयों से भरा यह बैग स्कूटी के आगे रखा हुआ था, इस दौरान मस्तान बाबा से व्यास सर्कल पहुंचने पर पीछे से बाइक पर आए युवकों ने स्कूटी के आगे रखा रुपयों से भरा बैग झपट्टा मारकर लूट लिया और मस्तान बाबा की तरफ भाग गए।
लूट की इस वारदात की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस द्वारा जिले भर में नाकाबंदी करवाई गई एवं वारदात स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इन सीसीटीवी फुटेज में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए दोनों संदिग्ध सुमेरपुर रोड कि तरफ भागते नजर आये, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
