शिव वर्मा, indireporter.com
मेयो कॉलेज व महरानगढ़ के बीच खेले गये पहले दिन के मैच में मेयो कॉलेज ने डेढ़ गोल के अन्तर से जीत दर्ज की
मैच के दौरान मैदान में उपस्थित थे महाराजा गजसिंह
जोधपुर। जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के तत्वावधान में महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउण्डेशन पोलो मैदान, लेफ्टिनेंट जनरल एवीएम एच.एच. महाराजा उम्मेदसिंह जी एयरपोर्ट रोड़, पाबूपुरा में चल रहे 25वें जोधपुर पोलो सीजन 2024 मेेें बुधवार 4 दिसम्बर से उम्मेद भवन पैलेस कप (4 गोल) टूर्नामेंट शुरु हुआ। पहले दिन पूल ‘ए‘ में मेयो कॉलेज व महरानगढ़ टीमों के बीच दोपहर 3.30 बजे मैच खेला गया जिसमें मेयो कॉलेज ने आधे गोल की शुरुआती बढ़त के साथ मैदान में खेलने उतरी महरानगढ़ टीम को साढ़े चार के मुकाबले छह गोल कर डेढ़ गोल के अन्तर से मैच जीत लिया। मैच के दौरान जोधपुर पोलो के संरक्षण हिज हाईनेस महाराजा श्री गजसिंह जी व इण्डो-जर्मन मारवाड़ी हॉर्स सोसायटी की अध्यक्ष हाईडी बंशड्रॉप भी मैदान में उपस्थित थे।
मैच के के पूर्व मेहरानगढ़ बैण्ड ने मैदान में मार्च पास्ट कर टूर्नामेंट की विधिवत् शुरुआत करायी व मैच के मध्य भी अपनी सुमधुर धुनों से उपस्थित जनसमूह का खासा मनोरंजन किया। उम्मेद भवन पैलेस होटल के जनरल मैनेजर मनु शर्मा ने मैच की पहली गेंद फेंककर खेल शुरु करवाया।
जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के मानद सचिव इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि मेयो कॉलेज की ओर से खेलते हुए टीम के चार हैण्डीकेप के खिलाड़ी अर्जेन्टीना के लांस वाटसन ने पहले व तीसरे चक्कर में एक-एक गोल किया। निखिलेन्द्रसिंह ने दूसरे व महेन्द्रसिंह ने तीसरे चक्कर में एक-एक गोल किया। साथी खिलाड़ी भूमिंजयसिंह ने चौथे चक्कर में लगातार दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। मुकाबले में महरानगढ़ की ओर से खेलते हुए टीम के शिवांशसिंह शेखावत ने पहले चक्कर में एक गोल किया। साथी खिलाड़ी दो हैण्डीकेप के अंगद कलान ने दूसरे, तीसरे व चौथे चक्कर में एक-एक गोल किया। टीम के अम्पायर धनंजय सिंह राठौड़ व जयवीरसिंह गोहिल, रैफरी योगेश्वर सिंह भांवरी व कॉमेंट्री अंकुर मिश्रा ने की।
मैच के दौरान मेजर जनरल (से.नि.) शेरसिंह, उम्मेद भवन पैलेस होटल के जनरल मैनेजर मनु शर्मा, कर्नल गिरेन्द्र सिंह, कर्नल आदित्य सिंह, डॉ. महेन्द्र सिंह तंवर, डॉ. महेन्द्र सिंह राठौड़, राजेन्द्र सिंह व महेश करणपाल सिंह उपस्थित थे।
