राजेश कुमावत, indireporter.com
आने वाला समय भारत का : गजेंद्र सिंह शेखावत
महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री
भारत को एक सूत्र में बंधने वाले जो तत्व हैं, उनमें दिव्य कुंभ भी है
धौलपुर, 25 जनवरी। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मैं दीवार पर लिखा पढ़ सकता हूं, ‘भारत बदलेगा’, कोई ताकत हमें रोक नहीं सकती है। आने वाला समय भारत का है।
गजेंद्र सिंह शेखावत राजपूत छात्रावास में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया की निगाहें भारत की तरफ हैं, प्रयागराज में दिव्य और भव्य महाकुंभ का आयोजन चल रहा है।
शेखावत ने कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा उनकी देशभक्ति और शौर्य से परिपूर्ण विरासत को दर्शाती है। महाराणा प्रताप भारत के क्षत्रियों को एकता के सूत्र में बांधने वाला व्यक्तित्व और चरित्र हैं। महाराणा प्रताप के स्मरण मात्र से नसों में झनझनाहट पैदा हो जाती है।
महाराणा प्रताप की मूर्ति की स्थापना ऐसे दिव्य अवसर पर हो रही है, जब एक तरफ भारत में कुंभ चल रहा है तो दूसरी तरफ क्षत्रीय समाज को एकता में सूत्र में बांधने वाले स्वर्गीय तन सिंह जी की जयंती दिवस भी आज ही है। तन सिंह जी ने अपना जीवन क्षत्रिय समाज के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। महाराणा का जीवन युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा रहेगा।
शेखावत ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत की क्षमताओं को लेकर जो आघात हुआ था, अब उसे बदलकर एक नया भारत बने, विकसित भारत बने, उसे दिशा में हम आगे बढ़ चले हैं।
