रोहट तहसील के निबली उड़ा गाँव की राजकीय विद्यालय में खेलकूद के दौरान 9 बालिकाओं की तबीयत अचानक बिगड़ी।
रोहट तहसील के निम्बली उड़ा गांव में विद्यालय में सांसद खेल महोत्सव में खो-खो प्रतियोगिता के दौरान खेल खत्म होने के बाद बालिकाओं ने स्कूल परिसर में लगे नल से पानी पिया। इसके कुछ समय बाद ही 9 बालिकाओं की तबीयत खराब हो गई और सभी को सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
इनमें से 4 बालिकाओं को 108 एम्बुलेंस की सहायता से पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुँच गए।
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि विद्यालय परिसर में बने पानी के टांके में लंबे समय से गंदगी भरी हुई है, जिसके चलते पानी दूषित हो गया है। दूषित पानी पीने से ही बच्चियों की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी के बावजूद स्कूल प्रशासन का कोई अधिकारी बच्चियों के साथ अस्पताल नहीं पहुँचा, जिससे ग्रामीणों में नाराज़गी है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महावीर सिंह सुकरलाई बांगड़ अस्पताल पहुँचे। उन्होंने चिकित्सकों से बालिकाओं की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिए।
