दीपक शर्मा, indireporter.com
नशा निषेध दिवस के अवसर पर संगोष्ठी आयोजित
ए.एन.एम. प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साह से लिया भाग
चिकित्सा विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा हुआ आयोजन
सभी को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ भी दिलवाई
पाली,26 जून। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वाधान में गुरूवार को राजकीय बांगड़ चिकित्सालय में संचालित ए.एन.एम. प्रशिक्षण केन्द्र,पाली पर प्रातः साढे ग्यारह बजे से अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चिकित्सा विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संयुक्तरूप से नशा निषेध दिवस के अवसर पर एक विचार संगोष्ठी का अयोजन किया गया। संगोष्ठी में बांगड़ चिकित्सालय के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. आर.के बिश्नोई ने सहभागियें को जानकारी देते हुये बताया कि पूरे विश्व में हर वर्ष 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
भारत में इसे नशा निषेध दिवस के रूप में भी जाना जाता है।
संगोष्ठी के दौरान ए.एन.एम. प्रशिक्षण केन्द्र के प्रधानाचार्य के.सी. सैनी ने बताया कि वर्तमान समय में कई प्रकार के नशे की सामग्री उपलब्ध है, जो वैध एवं अवैध तरीकों से आमजन एवं विशेषरूप से युवाओं को सुलभ हो जाती है, जिसके कारण उनको नशे की लत लग जाती है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मांगीलाल तंवर ने नशीली दवाओं के दुरूपयोग और अनैतिक तस्करी के विरूद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जानकारी प्रदान की तथा सहभागियों का आह्वान किया कि वे एक सजग नागरिक होने का फर्ज निभायें ताकि इस प्रकार की अनैतिक गतिविधियों पर रोक लग सके।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य के.सी. सैनी ने सभी को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ भी दिलवाई। इस दौरान प्रशिक्षण केन््रद के प्रशिक्षक पारस कुमावत, कमल किशोर गहलोत, रेखा चौधरी महेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहें।
