ललित शर्मा, indireporter.com
जयपुर पुलिस ने बहुचर्चित ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी दिशा बावला को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
जयपुर पुलिस अब आरोपी दिशा बवला को आज मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी, जहां रिमांड को लेकर सुनवाई होने की संभावना है। महेश नगर थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, परिवादी व्यापारी विमल डागा ने आरोप लगाया है कि उसकी पूर्व इंटर्न दिशा बावला, उसके साथी धीरज कुमार, भाई करण बावला और अन्य लोग लंबे समय से उसे धमका रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी पक्ष ने झूठे रेप केस में फंसाने, परिवार को नुकसान पहुंचाने और अश्लील एआई वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की मांग की।
एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि परिवादी से अब तक करीब 90 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं और आरोपी लगातार 50 लाख रुपये अतिरिक्त मांग रहे थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उसके एआई प्रोजेक्ट पर कब्जा करना चाहता था और सोशल मीडिया व ईमेल के जरिए लगातार दबाव बना रहा था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी दिशा बावला ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील फोटो और वीडियो तैयार किए तथा उन्हें वायरल करने की धमकी दी। परिवादी ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल, लैपटॉप और क्लाउड डेटा जब्त कर जांच करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मामले में पहले भी कई शिकायतें और एफआईआर दर्ज हैं। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने जोधपुर में दबिश देकर दिशा बावला को गिरफ्तार किया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और कथित गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच करेगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।विमल डागा के वकील ललित शर्मा ने कहा कि यह एक संगठित गिरोह है जिसमें कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है ।
