राजकुमार परीक, indireporter.con
राजस्थान में तबादला विंडो खुली: 5 जुलाई तक होंगे बड़े पैमाने पर ट्रांसफर,
कर्मचारियों एवं ट्रांसफर करने वाले कार्यकर्ताओं में खुशी का महौल
जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए तबादलों पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है। प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 19 जून 2026 से 5 जुलाई 2026 तक स्थानांतरण और पदस्थापन की प्रक्रिया की जा सकेगी। करीब 16 दिनों की इस विशेष अवधि में विभिन्न विभागों में बड़े स्तर पर तबादले होने की संभावना है।
राजस्थान सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से तबादले की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। आदेश राज्य के सभी सरकारी विभागों, निगमों, मंडलों, बोर्डों तथा स्वायत्तशासी संस्थाओं पर लागू होगा। संबंधित विभाग अपने स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि कुछ श्रेणियों को इस बार भी तबादला प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
वर्षाकाल को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर तबादला प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेगा। इसके अलावा शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी अध्यापकों को भी इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया है।सरकार ने विशेष परिस्थितियों वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। इनमें एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता महिला कर्मचारी, दिव्यांगजन, पति-पत्नी दोनों के सरकारी सेवा में होने वाले मामले तथा गंभीर बीमारियों से ग्रस्त कर्मचारी शामिल हैं। कैंसर, हृदय, मस्तिष्क, फेफड़े और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित कर्मचारियों को स्थानांतरण में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
