दीपक शर्मा,insireporter.com
पाली। रोटरी क्लब द्वारा आयोजित “रजवाड़ी सामान उत्सव” में महिलाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में पाली शहर के साथ-साथ सोजत, शिवगंज और सिरोही से भी महिलाएं हिस्सा लेने पहुंचीं।
सावन के अवसर पर आयोजित इस उत्सव में सावन के लोक गीतों पर महिलाएं झूम उठीं। पूरा माहौल राजस्थानी और मारवाड़ी संस्कृति के रंग में सराबोर रहा।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रवीण कोठारी, सचिव रामपाल शर्मा और कार्यक्रम समिति सचिव अखिलेश शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं मध्यम परिवारों की महिलाओं को भारतीय एवं मारवाड़ी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच देना है।
कार्यक्रम में विधायक भीमराज भाटी अपनी पत्नी के साथ विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने महिलाओं की सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम का मंच संचालन आशा मुद्रा ने किया।
उत्सव में महिलाओं ने राजवाड़ी वेशभूषा, गहने और घरेलू सामानों की प्रदर्शनी भी लगाई। महिलाओं ने एक-दूसरे से संस्कृति और परंपराओं को साझा किया।
