शिव वर्मा,indireporter.com
जोधपुर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में शिकारपुरा में आयोजित हो रहे ‘मरू निनाद’ प्रांत घोष शिविर (वि.सं. २०८३) में पारंपरिक और लोक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन क्षेत्र प्रचारक माननीय निंबाराम जी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा, प्रांत प्रचारक यानंद जी सहित वर्ग में उपस्थित सभी प्रमुख संघ अधिकारी मौजूद रहे। रूपायन संस्थान, जोधपुर (पद्मभूषण कोमल कोठारी द्वारा स्थापित) के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में राजस्थान की समृद्ध लोक संगीत परंपरा को दर्शाते हुए दुर्लभ वाद्य यंत्रों का अनूठा संग्रह प्रदर्शित किया गया है।
तत वाद्य (तार वाले): रावणहत्था, सुरिंदा, अपंग, भपंग, चिकारा (मेव), जोगिया सारंगी और गुजरातन सारंगी। सुषिर वाद्य (फूंक वाले): शंख, अलगोजा, नागफणी, बांकिया, सिंगी और शहनाई। अवनद्ध वाद्य (चर्म मढ़े): ढोल, ढोलक, ताशा, मांदल और नगाड़ा। घन वाद्य (धातु व काष्ठ): खड़ताल, मोरचंग, डांडिया, घुंघरू और झांझ।इसके साथ ही प्रदर्शनी स्थल पर राजस्थानी कठपुतलियों और लोक कलाकारों के दुर्लभ छायाचित्रों के माध्यम से लोक संस्कृति की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई है। दीर्घा में संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त ‘पंच परिवर्तन’—स्व का बोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक शिष्टाचार—के संदेशों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इस प्रदर्शनी को लेकर शिविरार्थियों के साथ-साथ स्थानीय आमजन में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
