Indireporter.com
राजस्थान पुलिस महानिदेशक उत्कल रंजन साहू ने दी दीपावली पर शुभकामनाएं
जयपुर, 30 अक्टूबर। पुलिस महानिदेश, उत्कल रंजन साहू ने ज्योति पर्व दीपावली के अवसर पर राजस्थान पुलिस परिवार की ओर से समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि की मंगलकामना करते हुए प्रदेश के पुलिस अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।
डीजपी श्री साहू ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि राजस्थान पुलिस प्रदेश में शांति और कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने, अपराधों पर लगाम कसने तथा जनसुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी दीपावली के पर्व पर अतिरिक्त सजगता और सर्तकता के साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए तत्पर रहते हुए दीपोत्सव की खुशियां साझा करेंगे।
साहू ने कहा कि प्रदेश में सभी लोगों के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा सदैव एक मिसाल रहा है। यहां सभी लोग त्यौहारों की खुशियां मिल जुलकर मनाते हैं, इससे ये परम्पराएं और मजबूत होती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस बार भी दीपावली का त्यौहार सभी लोग हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए इन परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेंगें।