देवेंद्र शर्मा, indireporter.com
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी सिंघल को दी श्रद्धांजलि
जयपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर के पूर्व कुलपति जगदीश प्रसाद सिंघल 30 जून, 2025 को पंचतत्व में विलीन हो गए। सोमवार को जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय मानविकी सभागार में विभिन्न संगठनों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर शास्त्रीय संगीत गायिका आकांक्षा राव एवं वर्षा राव ने भजनों एवं प्रभु नाम संकीर्तन द्वारा उन्हें स्वरांजली दी गई।
राजस्थान के भरतपुर जिले में पुरावाई खेड़ा ग्राम में 2 मार्च 1947 को जन्में सिंघल की प्राथमिक शिक्षा पैतृक गाँव में हुई तथा उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर से एम. कॉम., एम.बी.ए. तथा एल.एल.बी. की शिक्षा प्राप्त की। सिंघल सन् 1972 से निरन्तर उच्च शिक्षा से जुड़े रह कर अनेक प्रशासनिक एवं अकादमिक पदों पर रहे।
इस अवसर पर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् विमल प्रसाद अग्रवाल ने उनके जीवन के कुछ पलों को याद करते हुए बताया कि मैनेजमेंट में उच्च पद की आकांक्षा को छोड़कर उन्होंने अपने जीवन में शिक्षक बनना तय किया। देशभर में वे सदैव स्लीपर क्लास में यात्रा करते थे । निरंतर लेखन कार्य और 20 पुस्तकों के प्रकाशन के फलस्वरूप उन्हें राष्ट्रपति द्वारा पंडित मदन मोहन मालवीय पुरस्कार दिया गया। उनकी लोकप्रियता, व्यवहार में सहजता, कार्यकर्ता की क्षमता को पहचान कर उसे निरंतर बढ़ाने की अद्भुत क्षमता उनमें थी ।
इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर राजीव सक्सेना, केंद्रीय हिंदी संस्थान आगरा के निदेशक एन के सिंह, राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर की कुलपति डॉ अल्पना कटेजा, राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (उच्च शिक्षा) के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बहरवाल, शैक्षिक मंथन के संपादक रहे संतोष पांडे ,राजस्थान अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण लाल गुप्ता ने अपने विचार रखते हुए बताया कि वे ऐसे कर्म योगी, निष्ठावान ,दूर दृष्टा, शिक्षाविद थे परिश्रम ही जिनका कर्तव्य और परमार्थ ही जिनकी भक्ति थी ,जिनका संपूर्ण जीवन हमारा प्रेरणा स्त्रोत है वह हमारी यादों में सदैव अक्षुण्ण रहेंगे एवं उनके कार्य प्रकाश स्तंभ के रूप में हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। कृतज्ञता ज्ञापन राजस्थान विश्वविद्यालय की एबीआरएसएम इकाई के अध्यक्ष डॉ राजेंद्र प्रसाद द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के मीडिया प्रभारी एवं राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल ने किया।
उनकी आत्मा की शांति के सभी उपस्थित शिक्षक साथियों ने दो मिनट का मौन रखा। उसके बाद सभी सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

जेपी सिंघल जी को सादर नमन