विष्णु शर्मा, indireporter.com
नक्सल ग्रीन मिशन”: बंदूक से हरियाली की ओर ऐतिहासिक पहल
जगदलपुर (छत्तीसगढ़)। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब बदलाव की नई कहानी लिखी जा रही है। “ट्री मैन ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता विष्णु लाम्बा इन दिनों छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं, जहाँ उनके नेतृत्व में “नक्सल ग्रीन मिशन” के तहत पूर्व नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है।
श्री कल्पतरु संस्थान द्वारा संचालित यह अभियान “विनाश से विकास (Guns to Green)” की अवधारणा पर आधारित है। इसके अंतर्गत आत्मसमर्पित नक्सलियों को “वन मित्र”, “वन बंधु” और “तरु सखी” बनाकर वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जोड़ा जा रहा है।
अभियान के तहत सामूहिक वृक्षारोपण, “एक व्यक्ति–एक वृक्ष–एक जिम्मेदारी” संकल्प, ग्रीन एंबेसडर घोषणा और सम्मान समारोह जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यह पहल ऐसे समय में हो रही है जब देश में नक्सल उन्मूलन को लेकर प्रयास तेज हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा 31 मार्च 2026 तक भारत को माओवाद मुक्त बनाने का लक्ष्य भी इस अभियान को नई दिशा दे रहा है।
विष्णु लाम्बा ने पूर्व में चंबल के दस्युओं को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सफल प्रयास किया है। अब वे छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में पूर्व नक्सलियों को एक मंच पर लाकर हरियाली का संकल्प दिला रहे हैं।
उन्होंने शेष नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में आने और “बंदूक छोड़, वृक्ष अपनाओ” का संदेश अपनाने की अपील की है।
“नक्सल ग्रीन मिशन” संघर्ष से संरक्षण की ओर बढ़ता एक सकारात्मक कदम है, जो समाज में शांति, विकास और पर्यावरण संतुलन की नई मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।
