दीपक शर्मा, indireporter.com
पानी में उतरकर केबिनेट मंत्री कुमावत ने लिया फसल खराबे का जायजा
अधिकारियों को दिए फसल खराबे का प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश
पाली, 7 सितम्बर। जिले में सुमेरपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद उपजे हालात का जायजा लेने के लिए पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत लगातार तीसरे दिन भी दौरे पर रहे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ खेतों में फसल नुकसान का जायजा लिया। साथ ही गांवों में घरों व मवेशियों को हुए नुकसान के संबंध में ग्रामीणों से बैठक कर वस्तु स्थिति के बारे में जानकारी ली व प्रभावितों को हरसंभंव सहायता का आश्वासन दिया।
मंत्री कुमावत ने गांव दलाराम, रूपावास, भांवरी और गिरादड़ा क्षेत्र की फसलों का जायजा लेने के लिए गहरे पानी में स्वयं उतर गए। मंत्री जोराराम कुमावत ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को शत-प्रतिशत सर्वे कर जल्द से जल्द प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में पहले से रिपोर्ट तैयार की गई है, वहां फिर से सर्वे कर पुनः प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने के निर्देश दिए हैं।
केबिनेट मंत्री कुमावत ने भांवरी में किसानों से चर्चा की और आश्वासन दिया की अतिवृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा जल्द से जल्द दिया जाएगा। उन्होंने शत-प्रतिशत गिरदावरी के लिए अधिकरियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण “पश्चिमी राजस्थान का सबसे बड़ा बांध ’जवाई’ लबालब हो चुका है।
इस दौरान एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत, पाली प्रधान के प्रतिनिधि पुखराज पटेल, सहकारी समिति के अध्यक्ष गोपाराम, चैन सिंह सांखला, दिलीप पटेल, दल्लाराम पटेल, वार्ड पंच भीमाराम, तहसीलदार कल्पेश जैन, पटवारी गोपाल सिंह, भैरू सिंह, मगा सिंह, चैन सिंह, कानाराम, जालम सिंह, शैतान सिंह, मोहनलाल पटेल आदि साथ थे।
